गुलदार का प्रिय भोजन कुत्ता पूरी रात उसके साथ कमरे में कैद रहा। लेकिन वहां जो हुआ उस पर गांव वालों को यकीन नहीं हुआ।
टिहरी के भिलंगना ब्लॉक के ग्राम पौखाल मोलनों में कुत्ते का शिकार के लिए उसके पीछे गई एक मादा गुलदार कमरे में कैद हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया।
शनिवार रात करीब 12 बजे ग्राम मोलनों में एक गुलदार कुत्ते का शिकार करने के लिए उसके पीछे हुकम सिंह नेगी के कमरे में घुस गया। अचानक दरवाजा बंद होने से कुत्ता और गुलदार रातभर कमरे में कैद रहे। मकान मालिक को इसका पता चलने पर उन्होंने बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी।
रात को ही वन विभाग को सूचना दी। रविवार तड़के रेंज अधिकारी ओम प्रकाश शाह, वन दरोगा मेल सिंह पंवार, फते सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह सजवाण और जसवंत पंवार पिंजरा और ट्रेंक्यूलाइज गन लेकर गांव पहुंचे।
टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे तीन वर्षीय मादा गुलदार को पिंजरे में कैद कर दिया। कुत्ते की जान भी बच गई। रेंज अधिकारी शाह ने बताया कि गुलदार का पीपलडाली पशु चिकित्सालय में मेडिकल कराया जा रहा है। उसके बाद उसे सुरक्षित जगह छोड़ा जाएगा।