देहरादून के विकासनगर में ग्राम छरबा की गोरखा बस्ती में शीतला नदी का पानी घुसने से हड़कंप मच गया। अचानक आए पानी से घबराए बस्ती वासियों के शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने पानी में फंसे ग्रामीणों को निकालने के साथ ही तहसील के अधिकारियों को सूचना दी।
Mussoorie: भारी बारिश का कहर, बोल्डर और मलबे से पटी सड़कें, कई जगह रास्ते रहे बंद, देखें तस्वीरें
अधिकारियों ने एसडीआरएफ व पुलिस की मदद से बस्ती को खाली कराया। गहरी नींद में सो रहे बस्ती में रहने वाले जब तक कुछ समझ पाते तब तक उनके घरों में पानी भर गया। अचानक आए पानी से घबराए बस्ती निवासियों का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू करने के साथ तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी विनोद कुमार एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पानी में फंसे करीब 20 ग्रामीणों को सकुशल बहाव से निकाल लिया।
वहीं, रुद्रपुर गांव में नाले में आए पानी ने यूथ फाउंडेशन के तीन टेंट को अपने साथ बहा ले गया। पानी ने किनारे पर बने एक कच्चे मकान को भी अपना निशाना बनाया है। गनीमत यह रही कि पानी आने से पहले ही टेंट में मौजूद प्रशिक्षणार्थी ऊंचाई वाले स्थान पर चले गए। सामान को पानी अपने साथ बहा ले गया।
2 of 6
विकासनगर में बारिश से आफत
- फोटो : अमर उजाला
शिविर के प्रभारी कैप्टन ताजबर सिंह रावत ने बताया कि भारी बारिश के कारण बरसाती नाले में पानी आने की आशंका को देेखते हुए सभी 40 प्रशिक्षणार्थी छात्रों को ऊंचाई वाले स्थान पर पहुंचाने के साथ टेंट से सामान निकालने का कार्य शुरू कराया गया। तेज बहाव के पानी ने तीन टेंट को अपने साथ बहा लिया। उन्होंने बताया कि पानी के साथ टेंट में रखा राशन, स्लीपिंग बैग व कपड़े आदि बह गए। नाले के किनारे पर बने एक कच्चे मकान को भी पानी ने नुकसान पहुंचाया है।
3 of 6
बारिश से उखड़ गए टैंट और झोपड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
जीवनगढ़ की जोहड़ बस्ती में ग्रामीणों के घरों में पानी भर जाने से घरेलू सामान खराब हो गया। ग्रामीण अमजद के घर की कच्ची दीवार गिर गई। कई घरों में राशन से लेकर फर्नीचर तक पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि देर रात बारिश के कारण हुए जलभराव के बाद प्रभावित परिवारों ने आसपास के इलाकों में शरण लेकर रात गुजारी। ग्राम पंचायत बादामावाला के वार्ड नंबर नौ के निवासी दिनेश कुमार, विश्वेश्वरी देवी, सुरेश कुमार, राजेश सिंह, दर्शनी देवी, रणजीत सिंह, विक्रम कुमार, पृथ्वी चंद शर्मा ने बताया कि तेज बारिश के कारण उनके घरों में पानी भर जाने से घर में रखा सारा सामान खराब हो गया।
4 of 6
बारिश के बाद घर में पड़ी दरारें
- फोटो : अमर उजाला
उप प्रधान रोहित चौहान ने बताया कि समस्या के संबंध में ग्राम प्रधान व तहसील प्रशासन से बात करके प्रभावित परिवारों की सहायता की मांग की गई है। विकासनगर के पंजाबी कालोनी, देवदत्त मार्ग, सिनेमा गली, कालेज रोड, सिंगरा कालोनी में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण नगर वासियों को कुछ घंटो तक के लिए अपने घरों में ही कैद रहना पड़ा। नगर पालिका की अध्यक्ष शांति जुंवाठा ने कहा कि जलभराव की स्थिति को तुरंत काबू में करने के लिए पालिका कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ पानी की निकासी की व्यवस्था में जुटे हैं।
5 of 6
पुश्ता ढहने से रास्ता बंद
- फोटो : अमर उजाला
उधर, तेज बारिश के चलते अंबाड़ी गांव में हाईवे किनारे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले के कई पुश्ते ढह गए। मलबे से पानी की निकासी बंद हो गई। बारिश का पानी ओवरफ्लो कर अंबाड़ी बैंड पर स्थित तीन-चार घरों में घुस गया, जिससे घरों में रखा सामान बर्बाद हो गया। लोगों ने रात जाग कर गुजारी। मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता और प्रधान प्रतिनिधि जमाल खान ने जेसीबी की मदद से नाले में गिरे पुश्ते के मलबे को हटाया। तब जाकर बारिश के पानी की निकासी हो सकी।