उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदली तो ठिठुरन और बढ़ गई। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी ने ठंड में और भी इजाफा कर दिया है। तस्वीरें देखकर आपको भी ठंड का अहसास हो ही जाएगा। देखिए...
चमोली जिले में बृहस्पतिवार को दिनभर बारिश और बर्फबारी का दौर रहा। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, औली, रुद्रनाथ, गौरसौं बुग्याल, नंदा घुंघटी, नंदासैंण, कांचुलाखर्क, उर्गम, निजमूला घाटी के साथ ही नीती और माणा घाटी के गांवों में बर्फबारी होने से ठंड में इजाफा हो गया है।
केदारनाथ में बृहस्पतिवार को दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। यहां डेढ़ फीट से अधिक नई बर्फ जम चुकी है, जबकि पहले से यहां सात फीट तक बर्फ मौजूद है। पिछले दो दिनों से खराब मौसम के कारण यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। धाम में तापमान माइनस में रहा।
कुमाऊं में बृहस्पतिवार को भी बारिश, मुनस्यारी-धारचूला, कपकोट और कौसानी की ऊंची चोटियों पर हिमपात से जनजीवन ठिठुर गया। चंपावत के कुछ गांवों में ओले भी पड़े। कड़़ाके की ठंड के चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बारिश-बर्फबारी के अलर्ट के चलते पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर में शुक्रवार को भी 12वीं तक के शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के खलिया में चार इंच तक बर्फ पड़ चुकी है। हंसलिंग, राजरंभा, नाग्निधुरा, छिपलाकेदार बर्फ से लकदक हो गए हैं। कालामुनि, बेटुलीधार में दो-दो इंच, खलिया में चार और पातलथौड़ में एक इंच बर्फ पड़ चुकी है। नामिक में बृहस्पतिवार को करीब एक फुट बर्फ गिरी। धारचूला के आगे दारमा घाटी के गांवों में बर्फबारी और बारिश जारी रही। यहां ढाकर में 130 सेमी बर्फ गिरी है।