राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के जंगल से सटी बिल्केश्वर कॉलोनी में एक हाथी ने घंटों जमकर उत्पात मचाया। डेढ़ दांत के हाथी ने कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी को तोड़ डाला और कार को भी नुकसान पहुंचाया। हाथी ने कॉलोनी के उत्सव भवन की चहारदीवार के एक बड़े हिस्से को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब आधे घंटे तक हाथी ने ऐसा उत्पात मचाया कि लोगों की सांस थम गई। सूचना पर पहुंची पार्क और वन विभाग के कर्मचारियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी से जंगल की तरफ खदेड़ा। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
2 of 5
कॉलोनी में हाथी
- फोटो : अमर उजाला
शहर की पॉश कॉलोनी बिल्केश्वर टाइगर रिजर्व पार्क के जंगल से सटी हुई है। जंगल से लगे होने के कारण जंगली जानवर आए दिन कॉलोनी में आ जाते हैं। जंगल से निकलकर हाथी भी यहां आते हैं। शनिवार को करीब डेढ़ बजे डेढ़ दांत वाला एक नर हाथी कॉलोनी में आ गया। हाथी ने कॉलोनी में उत्पात मचाना शुरू किया तो लोगों की नींद खुल गई।
3 of 5
कॉलोनी में हाथी
- फोटो : अमर उजाला
हाथी के उग्र रूप को देखकर किसी की घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई। बताया जाता है कि सबसे पहले उसने हिमांशु बेदी के घर के बाहर खड़ी स्कूटी को तोड़ डाला। इसके बाद शिखर पालीवाल और विवेक बहुगुणा की कार को नुकसान पहुंचाया। उग्र हाथी इसके बाद कॉलोनी के सामुदायिक भवन (उत्सव भवन) के बाहर पहुंचा और चहारदीवारी को तोड़ डाला।
4 of 5
कॉलोनी में हाथी
- फोटो : अमर उजाला
कॉलोनी के लोगों ने फोन से वन विभाग और पार्क के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पार्क और वन विभाग के कर्मचारियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हरिद्वार रेंज के रेंजर विजय सैनी ने बताया कि हाथी ने लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। कर्मचारियों ने समय पर पहुंचकर हाथी को जंगल की तरफ खदेड़ दिया।
5 of 5
कॉलोनी में हाथी
- फोटो : अमर उजाला
जंगली हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए टिबडी फाटक से बिल्केश्वर तक राजाजी टाइगर पाक की सीमा में करीब 3.7 किलोमीटर लंबी हाथी सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। इसके लिए करीब एक 1.31 करोड़ का बजट स्वीकृत हो चुका है। मोतीचूर क्षेत्र में भी सोलर फेंसिंग कर हाथियों को पार्क की सीमा से आबादी क्षेत्र में आने से रोका जाएगा। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के वन्यजीव प्रतिपालक कोमल सिंह का कहना है कि यह काम जल्द शुरू हो जाएगा।