सरकार ने अब यहां भी जीएसटी की तरह ही टैक्स वसूलने का नियम लागू कर दिया है। पढ़िए..
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली गाड़ियों से टैक्स वसूलने को लेकर अब बदलाव कर दिया गया है। इन गाड़ियों से अब हर राज्य में अलग-अलग रोड टैक्स नहीं वसूला जाएगा। जीएसटी की तर्ज पर एक ही राज्य में टैक्स ले लिया जाएगा। उसके बाद टैक्स वसूलने वाला राज्य अन्य राज्यों के हिस्सों का टैक्स अदा करेगा। हाल ही में दिल्ली में हुई केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय की बैठक में इस पर सहमति बनी है।
सभी राज्यों से इस संबंध में सुझाव मांगें गए हैं। इस योजना के लागू होने के बाद परिवहन विभाग के बैरियरों पर लगने वाले लंबे जाम से पर्यटकों को निजात मिलेगी और समय भी बचेगा। अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह के मुताबिक दो दिन पूर्व दिल्ली में आयोजित बैठक में इस मसले पर चर्चा हुई।
विभिन्न राज्यों से आए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग राज्यों में टैक्स जमा कराने से पर्यटकों को आने वाली परेशानियों और लगने वाले जाम से अवगत कराया। वहीं उन्होंने आगे की रणनीति पर भी विचार रखे।
इसके बाद जीएसटी की तर्ज पर एक राज्य के टैक्स वसूलने और अन्य राज्यों को अदा करने पर सहमति बनी है। इसके लिए मंत्रालय ने सभी राज्यों से प्रस्ताव मांगा है, ताकि इस योजना को लागू किया जा सके।