टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग के बाद काउंटी क्रिकेट खेलेंगे। वह जून में इंग्लैंड में सरे की तरफ से कुल 6 मैच खेलेंगे। इसमें चार दिवसीय तीन मैच जबकि तीन वन-डे मैच शामिल है।
इस वजह से कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट नहीं खेलेंगे क्योंकि वह काउंटी क्रिकेट खेलकर आगामी इंग्लैंड दौरे की तैयारी करेंगे। अब टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक यह खुलासा हुआ है कि कोहली आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
बता दें कि टीम इंडिया और आयरलैंड के बीच 27 व 29 जून को दो मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 1 जुलाई से टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज शुरू होगी। कोहली इसलिए आयरलैंड के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि सरे को यॉर्कशायर के खिलाफ 25 जून से मैच खेलना है।
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए अपनी दूसरे दर्जे की टीम उतार सकती है। टीम इंडिया के प्रमुख सदस्य राहुल द्रविड़ की कोचिंग में इंग्लैंड में जाकर इंडिया 'ए' का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वैसे, यह भी जानकारी मिली है कि टीम इंडिया के प्रमुख सदस्य जो इंडिया 'ए' में शामिल हैं, वह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी हिस्सा नहीं लेंगे। बता दें कि चयनकर्ता अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए 8 मई को टीम इंडिया की घोषणा करेंगे। यह देखना रोचक होगा कि किसे मौका मिलेगा।