बैंगलुरु में आईपीएल नीलामी के दूसरे दिन सभी फ्रैंचाइजियों की नजर दिग्गज खिलाड़ियों पर जमी रही। इस बीच खिलाड़ियों पर दांव खेलने की सबसे ज्यादा बेसब्री किंग्स इलेवन पंजाब के खेमे में दिखी। खिलाड़ियों पर दांव खेलने की उत्सुकता को लेकर किंग्स इलेवन पंजाब की मालकिन प्रीति जिंटा का सोशल मीडिया पर जमकर मजाक बना।
आईपीएल 2018 की पहले दिन की नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब की मालकिन प्रीती जिंटा ने एक के बाद एक लगातार पांच खिलाड़ियों पर दांव खेल उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इस पर फैंस ने उनका मजाक उड़ाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'शॉपिंग को लेकर महिलाओं के उतावलेपन का प्रीति जिंटा सबसे अच्छा उदाहण हैं।' वहीं कुछ लोगों ने लिखा 'प्रीतिं जिंटा आज शॉपिंग के मूड में हैं, सबकुछ खरीदना है।'
किंग्स इलेवन पंजाब पर ताना कसने वालों में टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली भी पीछे नहीं रहे। मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली ने पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का मजाक बनाते हुए कहा, 'वीरू पाजी पागल हो गए हैं। नीलामी के दौरान अति उत्साहित प्रीति जिंटा की भावनाओं को रोकने में वह नाकाम हो गए।'
बता दें कि आईपीएल नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब ने
केएल राहुल को 11 करोड़ रुपये में खरीदा है, जिन्होंने टी-20 क्रिकेट में एक शतक लगाया है। जबकि टीम ने अपने अनुभवी बल्लेबाजी मुरली विजय पर कोई दांव नहीं खेला, जिन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हुए दो बार सेंचुरी जड़ी थी।
इसके अलावा किंग्स इलेवन पंजाब ने रविचंद्रन अश्विन को 7.6 करोड़ रुपये में खरीदा है। वहीं इस सीजन में युवराज सिंह की भी घर वापसी हो गई है। पंजाब ने युवराज को 2 करोड़ रुपये में खरीदा है। पंजाब ने मार्कस स्टोइनिस को 6 करोड़ 20 लाख और डेविड मिलर को तीन करोड़ रुपये में खरीदा। इनके अलावा पंजाब ने एरॉन फिंच के लिए 6 करोड़ 20 लाख और करुण नायर के लिए 5.60 करोड़ की कीमत चुकाई है।