भारत बनाम न्यूजीलैंड: क्या चौथे टी20 में कुलदीप या वरुण को मिलेगा मौका, कौन हो सकता है बाहर? देखें संभावित-11
IND vs NZ 4th T20 Playing 11 Prediction : भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से आगे है। चौथे मुकाबले में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है। ईशान किशन की फिटनेस, शिवम दुबे की संभावित वापसी और तेज गेंदबाजी संयोजन में बदलाव पर भी नजर रहेगी।
विस्तार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार, 30 अक्तूबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी भारतीय टीम के पास अब अपनी बेंच स्ट्रेंथ आजमाने का मौका है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या टीम प्रबंधन कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती को एक साथ या अलग-अलग मौका देगा? वहीं, चोट के कारण पिछले दो मुकाबलों से बाहर रहे ईशान किशन की उपलब्धता और तेज गेंदबाजी में बदलाव पर भी नजरें रहेंगी। चौथा टी20 भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा।
भारतीय टीम ने शुरुआती तीन मुकाबलों में बल्लेबाजी को काफी गहराई दी है। टीम में आठवें नंबर तक बल्लेबाजी के विकल्प रखने की रणनीति सफल रही है। लेकिन सीरीज अपने नाम करने के बाद भारत संयोजन में बदलाव कर सकता है। कुलदीप यादव ने मध्य ओवरों में विकेट लेने की अपनी क्षमता बार-बार साबित की है। इसके बावजूद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 में नहीं खेले।
दूसरी ओर, वरुण चक्रवर्ती भी पिछले कुछ समय से नियमित मौके नहीं पा सके हैं। तीसरे टी20 में अक्षर पटेल और नमन धीर को स्पिन विकल्प के रूप में उतारा गया था, लेकिन दोनों को गेंदबाजी का मौका नहीं मिला। कुलदीप को मौका देने के लिए टीम को अपनी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप की रणनीति में कुछ बदलाव करना पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रबंधन किस संयोजन के साथ उतरता है।
ईशान किशन की उपलब्धता पर नजर
ईशान किशन ग्रोइन की चोट के कारण पिछले दो मुकाबलों में नहीं खेले थे। उनकी उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। अगर वह फिट नहीं होते हैं, तो वैभव सूर्यवंशी को एक और मौका मिल सकता है। वैभव ने पिछले मैच में आक्रामक बल्लेबाजी की थी, हालांकि अभिषेक शर्मा की शानदार पारी के सामने उनका प्रदर्शन कुछ दब गया।
नीतीश कुमार रेड्डी को अब तक शिवम दुबे पर तरजीह दी गई है। सीरीज जीतने के बाद अब नीतीश को आराम देकर दुबे को मौका दिया जा सकता है। यह भी देखने वाली बात होगी कि मयंक यादव की वापसी होती है या प्रिंस यादव को बरकरार रखा जाता है। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार पिछले मैच के आखिरी ओवर में अच्छी यॉर्कर डालने में सफल रहे, लेकिन पहले तीन मैचों में वह महंगे साबित हुए हैं।
न्यूजीलैंड के लिए भारतीय शीर्ष क्रम को रोकना सबसे बड़ी चुनौती रहा है। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने अलग-अलग मौकों पर तेज शुरुआत देकर घरेलू गेंदबाजों पर दबाव बनाया है। वेलिंगटन में भारत ने पावरप्ले के पहले छह ओवर में रिकॉर्ड 118 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड को मैट हेनरी और लोकी फर्ग्यूसन की चोटों से भी झटका लगा है। फर्ग्यूसन पिंडली की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। कप्तान मिचेल सैंटनर ने अच्छी स्पिन गेंदबाजी की है, लेकिन उन्हें दूसरे गेंदबाजों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, जैकब डफी, काइल जेमीसन।
ऑकलैंड के ईडन पार्क पर भारतीय टीम ने कुल तीन मुकाबले खेले हैं और सभी में टीम इंडिया को जीत मिली है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपना पहला मुकाबला साल 2019 में खेला था, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया था। इसके बाद 2020 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के अपने दौरे पर ईडन पार्क में दो मैच खेले और दोनों में ही जीत दर्ज की थी। एक मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया, तो दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की थी।