युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को केएल राहुल की जगह न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था। राहुल को एक शो में आपत्तिजनक बयान देने के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे से निलंबित कर दिया गया। टीम इंडिया की अंतिम एकादश में जगह पाने के लिए दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिद्वंद्विता है। मगर 2018 अंडर-19 विश्व कप चैंपियन टीम के सदस्य गिल ने नेपियर वन-डे से पहले नेट्स पर बल्लेबाजी का जोरदार अभ्यास किया।
शुभमन गिल को मिलेगा डेब्यू का मौका? युवा बल्लेबाज ने नेट्स पर जमकर बहाया पसीना
टीम इंडिया ने भले ही ऑस्ट्रेलिया में पहली बार द्विपक्षीय वन-डे सीरीज जीतकर इतिहास रचा, लेकिन उनकी यात्रा आसान नहीं थी क्योंकि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और केएल राहुल को दौरे से निलंबित कर दिया गया। दोनों ने कॉफी विद करण चैट शो में महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
हार्दिक पांड्या की जगह विजय शंकर को ऑलराउंडर के रूप में जगह मिली जबकि राहुल की जगह भरने के लिए कई नामों पर विचार किया गया। आखिरकार, शुभमन गिल को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया। 19 वर्षीय शुभमन के पास इस सीरीज में अपनी उपयोगिता साबित करके विश्व कप टीम में दावेदारी पेश करने का शानदार मौका होगा।
बहरहाल, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वन-डे से पूर्व गिल को बल्लेबाजी का अभ्यास करते देखा गया। उम्मीद की जा रही है कि उन्हें पहले वन-डे की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। बीसीसीआई ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाड़ी का वीडियो शेयर किया हैं।
📽️📽️#TeamIndia's latest recruit @RealShubmanGill was seen sweating out in the nets at his first training session with the Senior Men's team 😎😎 #NZvIND pic.twitter.com/E8COH3Avnr
संयोग की बात है कि पिछले साल गिल ने अंडर-19 विश्व कप न्यूजीलैंड में ही खेला था। युवा बल्लेबाज के लिए वहीं डेब्यू करना विशेष होगा। इस बारे में बात करते हुए गिल ने कहा था कि वह बड़ा कमाल करने को तैयार हैं। वह पिछले साल न्यूजीलैंड में मिली सफलता को दोहराने की कोशिश करेंगे।