टीम इंडिया के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने भारतीय टीम की चयन समिति पर निशाना साधते हुए बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि वह भारतीय टीम में सिलेक्शन नहीं होने की वजह से निराश नहीं हैं, बल्कि इस समय वह पूरी तरह से इमोशनलेस (भावहीन) हो गए हैं।
दरअसल, इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में अय्यर ने कहा, 'आजकल मुझे कुछ महसूस नहीं होता है। कोई फीलिंग ही नहीं आ रहा है। मेरे लिए टीम इंडिया में चयन होना महत्वपूर्ण नहीं है। मैं इमोशनलेस हूं। कोई आता है और कहता है कि मैं टीम में हूं, मैं टीम में नही हूं, कुछ फर्क नहीं पड़ता।'
नेशनल टीम से बाहर चल रहे अय्यर पिछले कुछ दिन से कभी खाली नहीं बैठे हैं। रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे टूर्नामेंट में अय्यर ने लगातार प्रदर्शन किया है। उनका कहना है कि इस सब से वो काफी थक चुके हैं, लेकिन किसी को इससे फर्क नहीं पड़ रहा है।
अय्यर ने कहा, ' मैं मशीन नहीं हूं। मेरा शरीर पूरी तरह थक चुका है, मानसिक तौर पर भी मैं थक गया हूं लेकिन कोई भी आराम करने के लिए नहीं कहेगा, किसी को फर्क नहीं पड़ता है। हम कोई मशीन नहीं हैं। ऐसा कोई नहीं है जो खिलाड़ियों से आराम करने के लिए कहे। हम दो साल से लगातार खेल रहे हैं। जरा सा ब्रेक नहीं मिलता। मैं 300 दिनों से घर से दूर हूं। जब मैं भारत में भी होता हूं तो भी घर नहीं होता।'
आगे अय्यर ने कहा, 'ये निराशा तो पिछले कई साल से है। होगा ही ना, किसी के साथ भी होगा। इसलिए मैंने इस बारे में ना सोचने का फैसला किया है। मैं अपने आपको एक बड़े बल्लेबाज के तौर पर देखता हूं। मैंने बहुत लंबे समय पहले अपने मन में ये छवि बनाई थी।'