टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने इस खिलाड़ी को दुनिया का सबसे अच्छा तेज गेंदबाज बताया है। वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वन-डे में उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की उससे टीम इंडिया को कम रन का लक्ष्य मिला और टीम इंडिया दूसरे वन-डे जीतने में कामयाब हुई। आइये बताते हैं कि वो कौनसा गेंदबाज हैं जिसकी तारीफ धवन ने की...
शिखर धवन की नजर में ये है दुनिया का सबसे बेहतरीन गेंदबाज
धवन ने कहा, 'भुवनेश्वर कुमार दुनिया के सबसे अच्छे डेथ ओवर का गेंदबाज हैं। उन्होंने अपना स्तर ऊंचा कर लिया है और गेंद पर उनका नियंत्रण काफी अच्छा रहता है। यहां तक कि जब वो धीमी गेंद या नकल बॉल करते हैं तब भी वो सही जगह पर गेंद को पिच कराते हैं। यदि डेथ ओवरों में गेंदबाजी की बात की जाए तो वो दुनिया के सबसे बेहतरीन डेथ ओवर गेंदबाज हैं। हमने भुवनेश्वर को आईपीएल में लगातार डेथ ओवरों में यॉर्कर डालते देखा है और भारत के लिए खेलते हुए भी उन्होंने ऐसा किया है। वो लगातार काफी बेहतरीन तरीके से ऐसा कर रहे हैं'।'
वहीं, धवन ने दिनेश कार्तिक की भी खूब तारीफ की है। उन्होंने कहा कि दिनेश कार्तिक ने भी 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिससे टीम इंडिया के जीत में काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि कार्तिक ने काफी मेहनत की और शानदार पारी खेली। उन्होंने कहा कि कार्तिक मिडिल ऑर्डर के अच्छे बैट्समैन हैं। साथ ही उनके पास स्किल और शॉट खेलने का तरीका भी है और वो अपने आप को इम्प्रूव कर रहे हैं।
टीम इंडिया ने पुणे के एमसीए स्टेडियम में बुधवार को खेले गए दूसरे वन-डे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। इसी जीत के साथ तीन वन-डे मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। इस दौरान भुवनेश्वर कुमार ने 10 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने सबसे पहले खतरनाक बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल को आउट किया। फिर कोलिन मुनरो को भी पवेलियन भेज दिया। उन्होंने अपने 10 ओवरों में 45 रन देकर 3 विकेट झटके और उन्हे मैन ऑफ द मैच चुना गया।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब भुवनेश्वर कुमार की तारीफ किसी विश्वस्तरीय खिलाड़ी ने की हो। इससे पहले भी दुनिया के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने उन्हें आईपीएल का सबसे अच्छा गेंदबाज बताया था। वहीं, 2016 के आईपीएल सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के कोच रहे टॉम मूडी ने भी उनकी गेंदबाजी की तारीफ की थी।