पाकिस्तान क्रिकेट का हाल पिछले कुछ समय से खास नहीं रहा है। पिछले साल वनडे विश्व कप में लीग स्टेज से बाहर होने के बाद इस साल भी टीम टी20 विश्व कप से भी लीग स्टेज से बाहर हो गई थी। टीम में पिछले एक साल में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इनमें पीसीबी के अध्यक्ष से लेकर कप्तान तक शामिल हैं। बाबर आजम ने पिछले साल वनडे विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद तीनों प्रारूप की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद शाहीन अफरीदी को टी20 कप्तान और शान मसूद को टेस्ट कप्तान बनाया गया था। हालांकि, टी20 विश्व कप से ठीक पहले शाहीन से टी20 कप्तानी छीन कर फिर से बाबर को सौंप दी गई थी। इस पर जमकर बवाल हुआ था। अब इस मामले पर 1992 विश्व कप विजेता पाकिस्तान टीम का हिस्सा रहे और टीम के पूर्व कप्तान मोइन खान ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि शाहीन को कप्तानी से हटाना पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का गलत फैसला था।
2 of 3
शाहीन और बाबर
- फोटो : Twitter
कप्तानी से हाथ धोने से पहले शाहीन के नेतृत्व में पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 4-1 से हार गई थी। पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मोइन खान ने कहा कि शाहीन को टी20 कप्तान के रूप में हटाना अन्यायपूर्ण था। उन्हें और समय दिया जाना चाहिए था। मोइन ने क्रिकेट पाकिस्तान को बताया, 'शाहीन अफरीदी में टीम का नेतृत्व करने की क्षमता है और बाकी खिलाड़ी भी उन्हें काफी पसंद करते हैं। वह टी20 में कप्तानी के लिए बेहतरीन पसंद हैं। व्हाइट बॉल के क्रिकेट में मुझे नहीं लगता कि कोई और इस भूमिका के लिए उपयुक्त है। उन्हें कप्तानी से हटाना अन्यायपूर्ण था। वह सर्वश्रेष्ठ टी20 खिलाड़ियों में से एक हैं और मैंने देखा है कि कप्तानी से हटाए जाने के बाद से उनके प्रदर्शन में थोड़ी गिरावट आई है। आप अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कैसे कर सकते हो अगर आप खिलाड़ियों को आत्मविश्वास नहीं दोगे। उन्हें कप्तान के रूप में कुछ समय दिया जाना चाहिए था।'
3 of 3
बाबर आजम, मोहसिन नकवी और अजहर महमूद
- फोटो : Pakistan Cricket
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि बाबर आजम की जगह मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के व्हाइट बॉल फॉर्मेट के कप्तान बन सकते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मोइन ने कहा, 'एक ही कप्तान को क्रिकेट के सभी प्रारूपों के लिए नियुक्त किया जा सकता है, लेकिन किसी भी खिलाड़ी के लिए इसे हासिल करने के लिए सभी प्रारूपों में प्रदर्शन करना महत्वपूर्ण है। जो भी कप्तान बनता है उस पर लंबे समय तक जिम्मेदारी होनी चाहिए। मोहम्मद रिजवान की क्षमताओं के बारे में कोई संदेह नहीं है। उनके खिलाफ कोई भी आलोचना उनकी उम्र के कारण हो सकती है। यह विचार करना भी महत्वपूर्ण है कि नेतृत्व दिए जाने पर वह कितने समय तक टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। मोहम्मद रिजवान कुछ समय के कप्तान हो सकते हैं, लेकिन आपको भविष्य में एक युवा क्रिकेटर को कप्तानी संभालने के लिए तैयार करने की आवश्यकता होगी। हम अक्सर कप्तानों की नियुक्ति करते हैं, लेकिन एक उपयुक्त डिप्टी तैयार करने में विफल रहते हैं।'