चेन्नई सुपरकिंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में मोहित शर्मा के अंतिम ओवर में सीएसके 17 रन बना लेती, तो यह आईपीएल इतिहास के सबसे बेहतेरीन चेस टारगेट में से एक बन जाता, इसे कोई और नहीं एमएस धोनी हासिल करते जिन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माना जाता है।
हालांकि, किंग्स इलेवन पंजाब ने एक रणनीति के तहत धोनी को डेथ ओवर्स में ऑफ स्टंप के बाहर वाइड लेंथ पर गेंदबाजी की और चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान को खुलकर शॉट नहीं खेलने दिए। मैच के बाद बात करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के ओपनर केएल राहुल ने कहा, 'धोनी को रोकने की योजना थी कि उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर वाइड लेंथ पर यॉर्कर गेंदें डाली जाए क्योंकि वह पीठ दर्द की समस्या से जूझ रहे थे और हमें महसूस हुआ कि वह गेंद का पीछा करके शॉट नहीं मार पाएंगे।'
राहुल ने आगे कहा, 'चाहे पीठ दर्द हो या नहीं, अगर आप धोनी के क्षेत्र में गेंदबाजी करेंगे तो वह लंबा शॉट जमाने में माहिर हैं। हमारे गेंदबाजों को भी इससे अच्छी सीख मिली। जैसे मैंने कहा कि अभी आईपीएल की शुरुआत है तो हमारे गेंदबाजों को इस प्रकार सबक मिला कि परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजों को कैसी गेंदबाजी करना होगी।'
चेन्नई की टीम रविवार को 198 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी। धोनी ने 44 गेंदों में 79 रन की चमत्कारिक पारी खेली और चेन्नई को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया। हालांकि, पंजाब के गेंदबाजों ने रणनीति के तहत गेंदबाजी करते हुए धोनी की सेना को 193 रन पर रोक दिया और चार रन से मुकाबला अपने नाम किया। टूर्नामेंट में पंजाब की दूसरी जीत रही जबकि चेन्नई की पहली हार।