टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा तीसरे टेस्ट मैच में 'विराट ब्रिगेड' अब जीत से महज एक कदम दूर है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान इंग्लैंड ने 102 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए हैं। फिलहाल, आदिल राशिद 30* और जेम्स एंडरसन 8* रन बनार क्रीज पर जमे हुए हैं।
इंग्लैंड जीत से 210 रन दूर है और भारत को जीत के लिए एक विकेट की दरकार है। वहीं मैच का नतीजा सामने आने से पहले ही नॉटिंघम टेस्ट में चौथे दिन कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बने। आइए एक बार सभी रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालें...
इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने 5-5 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड की सरजमीं पर भारतीय गेंदबाजों ने तीसरी बार यह कारनामा किया है। इससे पहले एक ही टेस्ट में लाला अमरनाथ-वीनू माकंद (1946) और भुवनेश्वर-ईशांत (2014) ही कर पाए थे।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम भी एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। टेस्ट क्रिकेट में ब्रॉड 3000 से ज्यादा रन और 400 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।
इस मैच की दोनों पारियों में कप्तान जो रूट ने सिर्फ 29 रन का योगदान दिया है, जो कि पिछले दो साल में उनका सबसे खराब प्रदर्शन है। इससे पहले रूट ने जुलाई 2016 में श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट में मात्र सात रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने कुल 29 टेस्ट मैच खेले हैं।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा के लिए इंग्लैंड की टीम बेहद लकी साबित हुई है। इस टीम के खिलाफ उनका प्रदर्शन सबसे बेहतर रह है। बता दें कि ईशांत ने अब तक अपने करियर में इंग्लैंड के विरुद्ध सबसे ज्यादा 49 विकेट चटकाए हैं।