चेन्नईसुपरकिंग्स की जीत के साथ आईपीएल का एक और सीजन खत्म हुआ। 'इंडिया का त्यौहार' के नाम से पहचाने जाने वाला यह टूर्नामेंट न सिर्फ भारत बल्कि दूसरे देशों के लिए भी नए खिलाड़ियों की खान माना जाता है। शॉन मार्श, किरोन पोलार्ड, जेम्स फॉकनर जैसे खिलाड़ी आईपीएल में चमक दिखाकर अपनी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन चुके हैं।
यह आईपीएल की ही देन है कि अफगानिस्तान और नेपाल के खिलाड़ी भी आज क्रिकेट जगत में धूम मचा रहे हैं। आइए बीते दिनों खत्म हुए आईपीएल में चमकने वाले भविष्य के होनहार खिलाड़ियों पर डालते हैं एक नजर...
ऋषभ पंत
महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखे जाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से 14 मैच में 684 रन बनाने के साथ-साथ पंत ने 6 शिकार भी किए। सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे ऋषभ ने इस साल एक शतक और 5 अर्धशतक भी जमाए।
पृथ्वी शॉ
अंडर-19 विश्वकप में टीम इंडिया की कमान संभालने वाले 18 वर्षीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का बल्ला खूब गरजा। शॉ की विलक्षण प्रतिभा को देखते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें अपने पाले में किया था। अपने पहले ही आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लेने वाले इस 'वंडर ब्वॉय' ने दुनिया के बेखौफ अंदाज में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना किया। 9 मैच में 245 रन बनाते हुए 2 अर्धशतक जमाने वाले शॉ आने वाले समय में टीम इंडिया में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं।
राशिद खान
अफगानिस्तान के 19 वर्षीय लेग ब्रेक स्पिनर राशिद खान ने इस टूर्नामेंट में जमकर अपनी चमक बिखेरी। सनराइजर्स हैदराबाद को फाइनल तक पहुंचाने का श्रेय इसी खिलाड़ी को जाता है। अपना दूसरा आईपीएल खेल रहे राशिद ने 17 मैच में 21 विकेट चटकाते हुए टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे। इस सीजन अपनी गुगली और स्पिन गेंदबाजी से चकमा देते हुए इस अफगान स्टार ने विराट कोहली, एबी डीविलियर्स, एमएस धोनी सरीके बल्लेबाजों की गिल्लियां बिखेरी।