भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज बराबरी पर खत्म होने के बाद दोनों टीम आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटी हैं। तीन टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मैच विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। बाकी के दो मुकाबले पुणे और रांची में होंगे। यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट चैंपियनशिप का आगाज किया था। दो अक्टूबर से शुरू हो रहे टेस्ट सीरीज से पहले आइए आपको बताते हैं कि, इस लाल गेंद की खेल में कौन सी टीम किस पर भारी रही है।
विशाखापट्टनम टेस्ट से पहले सामने आए ये आंकड़े, देखिए कौन पड़ा किस पर भारी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच साल 1992 से लेकर अब तक 36 टेस्ट मैच खेले गए हैं। आंकड़ों पर नजर डाले तो 15 टेस्ट जीत के साथ मेहमान टीम मेजबान से आगे है, जबकि भारतीय टीम ने 11 जीत दर्ज की है। दस मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। अपनी जमीन पर खेले गए 16 मुकाबलो में भारत को आठ में जीत मिली है और पांच में हार का सामना करना पड़ा है। तीन मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
भारत का दक्षिण अफ्रीकी जमीन पर टेस्ट मैच में रिकॉर्ड बेहद ही निराशाजनक रहा है। टीम इंडिया ने द.अफ्रीका में 20 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसमे से उसे केवल तीन में ही जीत मिली है और 10 मैच में उसे हार हाथ लगी है। सात मैच ड्रॉ हुए हैं। दोनों टीम के बीच अब तक कुल 13 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं। जिसमें से सात बार दक्षिण अफ्रीका ने जीता है, तीन बार सीरीज की ट्रॉफी भारत के हाथ लगी है और तीन सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुई है।
दोनों टीमों के बीच हुए मैच में जब सर्वाधिक स्कोर की बात आती है, तो उसमें टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का नाम आता है। सहवाग ने मेहमानों के खिलाफ 304 गेंदों में 42 चौके और पांच छक्के की मदद से 319 रन की जबरदस्त पारी खेली थी। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 104.93 का था। साल 2008 में चेन्नई के चेपक की पिच पर विरू चिपक गए थे और जमकर रन बरसाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की तरफ से हाशिम अमला ने 159 रनों का योगदान दिया था। हालांकि, यह मैच ड्रॉ हो गया था।
दक्षिण अफ्रीका की और से भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे अधिक रन सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला ने ठोके हैं। उन्होंने 437 गेंदों में 22 चौके की मदद से 253 रन की नाबाद पारी खेली थी। मेहमान टीम ने इस मैच को एक पारी और छह रन से जीता था। अमला के अलावा इस मुकाबले में जैक्स कैलिस ने 173 रनों का योगदान दिया था। वहीं, भारत की तरफ से वीरेंद्र सहवाग ने 109 रन की शतकीय पारी खेली थी।