ब्रिस्बेन के टेस्ट के आखिरी दिन टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हराकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। ब्रिस्बेन में भारत की यह ऐतिहासिक जीत है। ब्रिस्बेन के गाबा में मेजबान टीम 33 साल से नहीं हारी थी, मगर टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत का अंत कर दिया। ऐसे में आइए जानते हैं टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत में कौन से वो छह खिलाड़ी रहे मैच के हीरो?
AUSvsIND: गाबा में गूंजी इन छह खिलाड़ियों की गूंज, बने ऐतिहासिक जीत के हीरो
मोहम्मद सिराज
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में सिराज ने कमाल का प्रदर्शन किया। सिराज ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 73 रन देकर पांच विकेट चटकाए। अपने टेस्ट करियर में पहली बार पारी में उन्होंने पांच विकेट लेने का कमाल किया। हालांकि सिराज को पहली पारी में एक ही विकेट से संतोष करना पड़ा।
ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने अपने बल्ले से महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। उन्होंने पहली पारी में 23 रन पर ही आउट हो गए थे। मगर दूसरी पारी में पंत ने 89 रनकी नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 138 गेंदों का सामना किया। नौ चौके और एक गगनचुंबी छक्का भी जमाया। मैन ऑफ द मैच ऋषभ पंत को अग्रवाल से पहले भेजने का मतलब साफ था कि भारत जीतने का प्रयास करेगा। तीसरे सत्र में कुछ समय तक संभलकर खेलने के बाद उन्होंने हाथ खोलने शुरू किए।
वाशिंगटन सुंदर
चौथे टेस्ट में डेब्यू करने करने वाले वाशिंगटन सुंदर उम्दा गेंदबाजी की। उन्होंने पहली पारी में तीन जबकि दूसरी पारी में एक विकेट चटकाए। सुंदर ने बल्लेबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया। पहली पारी में उन्हेंने 144 गेंदों में 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सात चौके और एक छक्के लगाए। सातवें विकेट के लिए सुंदर और शार्दुल के बीच 123 रन की शतकीय साझेदारी हुई। वाशिंगटन सुंदर (22) ने दूसरी पारी में ऋषभ पंत का बखूबी साथ निभाया। सुंदर ने कमिंस की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर माहौल बदला। पंत के साथ छठे विकेट के लिए 53 रन जोड़कर वह लियोन की गेंद पर बोल्ड हो गए।
शुभमन गिल
पहली पारी में केवल सात रन बनाने वाले शुभमन गिल ने दूसरी पारी में शतक से चूक गए। इस युवा बल्लेबाज ने दूसरी पारी में 146 गेंदों में 91 रन की शानदारी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। शुभमन गिल शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने 91 रन की प्रवाहमय पारी खेली। इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने सहजता से कट और ड्राइव किए और कुछ शार्ट पिच गेंदों खूबसूरत पुल शॉट भी लगाए। दूसरे अर्धशतक को शतक में तब्दील करने से पहले वह नाथन लियोन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश आउट हो गए।