न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शॉ ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन शॉ ने 64 गेंद पर 54 रन बनाए। इस पचासा के साथ ही वह अपने नाम एक रिकॉर्ड कर गए और दिग्गज सचिन तेंदुलकर के क्लब में शामिल हो गए। विदेशी जमीन पर शॉ का यह पहला अर्धशतक था।
NZ vs IND: सचिन के खास क्लब में पहुंचे पृथ्वी शॉ, तेंदुलकर के बाद ऐसा करने वाले दूसरे युवा भारतीय
शॉ ने हेगली ओवल के मैदान पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। वह आज लय में दिख रहे थे, लेकिन काइल जेमिसन की एक गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में वह स्लिप में टॉम लॉथम को कैच थमा बैठे। लाथम ने शानदार कैच लपका। पृथ्वी न्यूजीलैंड में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बन गए।
भारत की ओर से न्यूजीलैंड में हाफ सेंचुरी लगाने वाले युवा बल्लेबाज के मामले में सबसे टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन ने साल 1990 में 16 वर्ष 291 दिन की उम्र में नेपियर के मैदान पर अर्धशतक जड़ा था। इसके बाद शॉ 20 वर्ष 112 दिन क्राइस्टचर्च के मैदान पर और 21 वर्ष 336 दिन की उम्र में अतुल वासन ने 1990 में ऑकलैंड के मैदान पर यह रिकॉर्ड कायम किया था।
दूसरे टेस्ट से पहले पृथ्वी के बाएं पैर में सूजन था। जिसके कारण बृहस्पतिवार को अभ्यास के लिए नहीं उतरे थे, लेकिन शुक्रवार को कोच रवि शास्त्री ने उन्हें फिट बताया था। इसलिए आज शॉ मयंक के साथ पारी को ओपन करने के लिए उतरे।
| उम्र | खिलाड़ी | मैदान | साल |
| 16 वर्ष 291 दिन | सचिन तेंदुलकर | नेपियर | 1990 |
| 20 वर्ष 112 दिन | पृथ्वी शॉ | क्राइस्टचर्च | 2020 |
| 21 वर्ष 336 दिन | अतुल वासन | ऑकलैंड | 1990 |