पाकिस्तान ने शुक्रवार को अबुधाबी में खेले गए दूसरे वन-डे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से मात दी, लेकिन टीम इस जीत का जश्न नहीं मना सकी क्योंकि ओपनर इमाम उल हक गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इमाम को शॉर्ट गेंद पर सिर में चोट लगी और तुरंत ही उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
चोटिल होने से पहले इमाम 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। कीवी तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन की गेंद सीधे जाकर इमाम के हेलमेट की जाली पर लगी। इससे बल्लेबाज को चक्कर आ गए और वह मैदान पर ही गिर गए। इमाम की आंख बंद हुई, लेकिन उन्होंने होश नहीं गंवाया था।
टीम प्रबंधन ने उस समय कहा था कि 22 वर्षीय बल्लेबाज का सीटी स्कैन कराया गया है और अगले 48 घंटों तक उनकी निगरानी की जाएगी। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बाद में कहा कि स्कैन में पाया गया कि खिलाड़ी को गंभीर चोट नहीं है। पीसीबी ने ट्वीट किया, इमाम उल हक के सभी स्कैन साफ हैं। वह टीम के साथ जुड़े और टीम फिजियो की निगरानी में रहेंगे।
वहीं पाकिस्तान ने चार साल और 12 लगातार वन-डे पराजयों के बाद आखिरकार न्यूजीलैंड को मात देने में सफलता हासिल की। पाक ने कीवी टीम को दूसरे वन-डे में 6 विकेट से हराया और तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी की। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 40.3 ओवर में 212 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सीरीज का तीसरा वन-डे रविवार को दुबई में खेला जाएगा।
याद हो कि 2014 में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर फिलीप ह्यूज को एक घरेलू मैच के दौरान ऐसे ही चोट लगी थी। वह तीन दिनों तक कोमा में रहे थे। इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। इमाम जब चोटिल हुए तब कई फैंस को उस दृश्य की याद ताजा हुई होगी।