टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच का विवाद सुलझने की बजाय और उलझता ही जा रहा है। हालांकि, दोनों पिछले कुछ दिनों तक शांत थे लेकिन एक बार फिर इन दोनों के बीच एक नया विवाद छिड़ गया है। इस बीच शमी की पत्नी हसीन ने एक नई चाल चलते हुए अपने पति शमी पर एक नया आरोप लगाया है।
हाल ही में हसीन जहां ने कथित तौर पर कहा है कि मोहम्मद शमी ईद के बाद किसी दूसरी महिला से शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि शमी ने उन्हें तलाक देने के लिए पैसे तक ऑफर किए हैं।
मोहम्मद शमी ने भी हसीन जहां के दूसरी शादी के आरोपों का जवाब बेहद मुस्कुराते हुए दिया। उन्होंने XtraTime.in से बातचीत में कहा, मैं अपनी पहली शादी से ही काफी मुसीबत में हूं। ऐसे में आपको लगता है कि मैं दूसरी शादी करुंगा।
मोहम्मद शमी ने आगे कहा, हसीन ने पिछले कुछ माह में मुझ पर बहुत आरोप लगाए हैं। यह अच्छी बात है अगर उनके आरोप के मुताबिक मैं दूसरी शादी करता हूं तो मैं हसीन को भी उसके लिए आमंत्रित करूंगा।
बता दें कि हसीन जहां ने कुछ महीनों पहले मोहम्मद शमी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने पति पर मारपीट, रेप, हत्या की कोशिश, घरेलू हिंसा और मैच फिक्सिंग जैसे कई गंभीर आरोप लगाए। इसके अलावा उन्होंने शमी के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया है। हसीन जहां ने मोहम्मद शमी के खिलाफ शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और विवाहेतर संबंध रखने की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, अभी तक वह अपने लगाए हुए किसी भी आरोप पर पुख्ता सबूत पेश करने में नाकाम ही रही हैं।