टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुनवेश्वर कुमार ने अपनी घातक गेंदबाजी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को श्रेय दिया है। उन्होंने बताया कि आईपीएल में गेंदबाजी करने का अनुभव उनके बॉलिंग सोच में काफी परिवर्तन लाया। साथ ही उन्होंने अपने और जसप्रीत बुमराह के सफलता के पीछे आईपीएल को क्रेडिट दिया है। बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में कुल मिलाकर 7 विकेट झटके। इसके साथ ही उन्हें तीन मैचों की टी-20 मुकाबले में मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
अफ्रीकी दौरे पर टी-20 के किंग ने कहा, इस वजह से आई मेरी गेंदबाजी में धार
मैन ऑफ द सीरीज मिलने के बाद भुवी ने कहा, 'टी-20 में प्रत्येक गेंद सही होनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न प्रारूपों में अंतर बताते हुए कहा कि टी-20 ऐसा प्रारूप है जो तेजी से खत्म हो जाता है और आपके पास सिर्फ चार ओवर होते हैं। यदि आप ओवर में तीन खराब गेंद फेकेंगे तो इन पर रन बनेंगे और आपका पूरा विश्लेषण बिगड़ जाएगा। इन तीन गेंद के कारण टीम बैकफुट पर आ जाएगी। इसलिए प्रत्येक गेंद महत्वपूर्ण है। इसके कारण गेंदबाज को सोचना पड़ता है। प्रत्येक गेंद सही होनी चाहिए और अपनी योजना को सही तरीके से लागू करना चाहिए।'
इस दौरान उन्होंने कहा, 'यह दौरा शानदार रहा, खासकर टेस्ट सीरीज। हां, हमने दो मैच गंवाए लेकिन वे काफी करीबी थे। हम 0-3 से भी हार सकते थे और 2-1 से जीत भी सकते थे, लेकिन हम जिस तरीके से खेले उसने हमें आत्मविश्वास दिया और हम इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के दौरों पर जाने और वहां बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।'
भुवनेश्वर ने कहा कि टी-20 क्रिकेट में सफलता के लिए विविधता और टाइमिंग महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, 'टी20 क्रिकेट विविधता का इस्तेमाल करने से जुड़ा है और आपकी टाइमिंग परफेक्ट होनी चाहिए। मैं जो भी ‘नकल बॉल’ डालता हूं, चाहता हूं कि बल्लेबाज उस पर बड़ा शाट खेलने की कोशिश करे। आप इस तरह से विकेट ले सकते हैं और यही मुख्य कारणों में से एक है कि मैं पावर प्ले में सफल रहा।'
बता दें कि टीम इंडिया के लिए दक्षिण अफ्रीका का यह दौरा काफी शानदार रहा। टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार मिली। इसके बाद मेन इन ब्लू ने जबर्दस्त वापसी करते हुए कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में प्रोटियाज टीम को 6 वन-डे मैचों की सीरीज में 5-1 से मात देकर अफ्रीकी सरजमीं पर 26 साल बाद इतिहास रचा। इसके बाद टीम इंडिया टी-20 मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर दक्षिण अफ्रीका मे दोहरा इतिहास रच दिया।