आधुनिक युग के दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेकर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। इससे न सिर्फ डीविलियर्स के फैंस को तगड़ा झटका लगा बल्कि उनकी निराशा के स्तर की कल्पना करना भी मुश्किल है। चाहे जो भी कारण रहा हो, लेकिन अब क्रिकेट फैंस डीविलियर्स को दक्षिण अफ्रीका की जर्सी में खेलते नहीं देख पाएंगे।
डीविलियर्स के एक ऐसे ही युवा फैन हैं लियो। जब लियो को उनकी मां ने एबी डीविलियर्स के संन्यास की खबर बताई तो वह फूट-फूटकर रोने लगा। लियो की मां ने कहा, 'जब मैंने एबी के संन्यास की खबर लियो को सुनाई तो उसे विश्वास नहीं हुआ और वह फूट-फूटकर रोने लगा। तब परिस्थिति नियंत्रित करना मुश्किल हो गई थी। चिंतित हुई लियो की मां एल्साबे ने जाकारंडा एफएम को इस बारे जानकारी दी। यह योजना काम आई और लियो को कहा गया कि वह एबी की जिंदगी पर बन रही डॉक्यूमेंट्री में अपने विचार प्रकट करेंगे।'
युवा लियो ने इस बारे में अपनी बात कैमरा के सामने बोलना शुरू की तभी एबी डीविलियर्स फ्रेम के सामने आकर खड़े हो गए। लियो को यह विश्वास नहीं हुआ और उसकी खुशी का ठिकाना नहीं था। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा एबीडी...एबीडी...। लियो के हवाले से आईओएल ने कहा, 'मुझे विश्वास ही नहीं हुआ कि एबीडी मेरे सामने खड़े हैं। मेरा दिल तेजी से धड़कने लगा। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि वह मेरे घर में क्या कर रहे हैं। मेरे ख्याल से कुछ देर के लिए मैं अपना दिमाग खो चुका था।'
एबी डीविलियर्स ने युवा फैन के बारे में बात करते हुए कहा कि वह बहुत ही नम्र बच्चा है। उन्होंने लियो को ऐसे ही बढ़ते देखने की उम्मीद जताई। डीविलियर्स ने इसके साथ ही लियो की मां की भी तारीफ की। डीविलियर्स ने लियो को गिफ्ट के रूप में दक्षिण अफ्रीका की कैप और एक ऑटोग्राफ किया हुआ बल्ला दिया। बाद में पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने लियो के साथ अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फोटो भी शेयर की।
एबीडी ने कहा, 'लियो को अपना क्रिकेट पता है। उन्हें क्रिकेट की अच्छी जानकारी है और वह एक बेहतर व्यक्ति भी हैं। उन्हें आगे भी अपना यही बर्ताव रखना चाहिए।' फिर एबीडी ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर किया उसमें लिखा, 'लियो सेडलर से मिलकर अच्छा लगा। इस इंसान का दिल बहुत बड़ा है। पूरी स्टोरी ब्रेकफास्ट विथ मार्टिन बेस्टर पर देखिए।'