दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एबी डीविलियर्स ने कहा कि कप्तान विराट कोहली और टीम इंडिया इतने वर्षों में पूरी तरह बदल चुकी है और वह आगामी टेस्ट सीरीज में इतिहास रचने की कोशिश करेगी।
टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में कभी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2011 में रहा जब टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका और टीम इंडिया के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 5 जनवरी से शुरू होगी।
डीविलियर्स चोट के कारण लगभग दो साल तक टेस्ट टीम से अंदर-बाहर होते रहे। उन्होंने पिछले साल जनवरी में किसी तरह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट खेलने में सफलता प्राप्त की थी। बहरहाल, अब वह जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट में वापसी के लिए तैयार हैं।
4 of 7
विराट कोहली
- फोटो : BCCI
33 वर्षीय डीविलियर्स ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका को युवा टीम इंडिया से कड़ी चुनौती मिलेगी, जो प्रतिस्पर्धी कोहली के नेतृत्व में बेहतरीन प्रदर्शन करती आई है। संडे टाइम्स ने डीविलियर्स के हवाले से कहा, 'मैं टीम इंडिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैंने पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के खिलाफ नहीं खेला है, ऐसे में आगामी सीरीज रोमांचक होगी।'
106 टेस्ट में करीब 51 की औसत से 8074 रन बना चुके डीविलियर्स ने कहा, 'यह कड़ी चुनौती होगी। भारतीय टीम युवा और प्रतिबद्ध है। उन्होंने पिछले कुछ समय में बेहतरीन खेल दिखाया है।' डीविलियर्स आईपीएल में अपने टीम के साथी विराट कोहली को फिलहाल विश्व के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक मानते हैं।