06:52 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: कब से कम होंगे ओवर?
शाम 7:30 बजे से ओवर कम होने लगेंगे। 5-5 ओवर के मैच के लिए कट-ऑफ समय रात 9:41 बजे है।
06:32 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: आखिरी टी20 मैच पर बारिश का साया
बंगलूरू में फिलहाल बारिश हो रही है, जिसकी वजह से टॉस में देरी हो रही है।
06:12 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: क्या कुलदीप को मिलेगा मौका?
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की सपाट पिच बल्लेबाजों की ऐशगाह मानी जाती है। इस मैदान पर हालांकि अक्तूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली गई है। कुछ आईपीएल मैचों के अलावा यहां बड़े मैच भी नहीं खेले गए। ऐसे में भारत स्पिनर कुलदीप यादव को फिर टीम में लाया जा सकता है। तीसरे और चौथे मैच में बाहर रहे कुलदीप का अनुभव टीम के लिए कारगर साबित हो सकता है। वहीं पिछले मैच में कंधे की चोट का शिकार हुए अर्शदीप सिंह की जगह अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी हुई है।
प्रिंस यादव, मयंक यादव, धीर और रेड्डी कैरेबियाई बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके हैं। लिहाजा ऐसे में भुवनेश्वर का अनुभव काफी कारगर साबित होगा। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड 261 और 221 रन बना चुके हैं और सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शीर्ष दो स्थानों पर हैं। भारत को इन दोनों को जल्दी आउट करना होगा जैसा इंदौर में तीसरे टी20 के दौरान किया था।
06:12 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: मध्य क्रम ने किया है निराश
ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, जिससे इस सीरीज में भारतीय मध्य क्रम की धीरे-धीरे होती गिरावट उजागर होती है। अय्यर ने लखनऊ में खेले गए पहले टी20 में 102 रन बनाए थे, लेकिन उनकी अगली तीन पारियों में केवल 40, 1 और 16 रन ही आए। इस मैच में हार से कप्तान के तौर पर अय्यर की छवि को भी झटका लग सकता है। आयरलैंड और इंग्लैंड से हारने के बाद जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान को हराकर उन्होंने आत्मविश्वास हासिल किया। श्रेयस की कप्तानी को खतरा नहीं है लेकिन अनुभवी और आक्रामक विरोधी टीम के सामने उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल जरूर उठ सकते हैं। तीसरे नंबर पर ईशान ने 43, 37 और छह रन बनाए हैं। वहीं, धीर की पारियां 4, 10 और 0 की रही है।
06:11 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: क्या है भारत के लिए चिंता का विषय?
भारतीय टीम के लिए समस्याएं शीर्ष क्रम से शुरू होती हैं। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से कुछ बेहतरीन प्रदर्शन किए हैं, लेकिन एक ओपनिंग जोड़ी के रूप में उनका प्रदर्शन 29, 42, 7 और 60 रन का रहा है। हैदराबाद में हुई 60 रनों की साझेदारी भी थोड़ी भ्रामक थी, क्योंकि उसमें से 56 रन अकेले संजू ने बनाए थे, जबकि अभिषेक के खाते में केवल दो रन आए थे। जब यह साझेदारी टूटी, तो मध्य क्रम उस लय को आगे नहीं बढ़ा सका। हालांकि, इस बात की संभावना कम है कि भारत ओपनिंग जोड़ी में कोई बदलाव करेगा। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में भी बाहर बैठना पड़ सकता है।
06:11 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: आज खेला जाएगा पांचवां टी20 मैच
वेस्टइंडीज के आक्रामक प्रदर्शन को देखते हुए पांचवें टी20 में भारत को अपनी छिपी हुई बल्लेबाजी कमियों को दूर करना होगा। दोनों टीमों के बीच शनिवार को बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। अब तक हुए चार मुकाबलों में रनों की बरसात ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कई कमियों को छुपा दिया है। दोनों टीमें फिलहाल सीरीज में दो-दो की बराबरी पर हैं।
06:03 PM, 17-Oct-2026
IND vs WI Live Score: बंगलूरू में बारिश के कारण टॉस में हो रही देरी, आज भारत के लिए सम्मान बचाने की जंग
Live Cricket Score Today, India vs West Indies 5th T20 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। आज इस सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम की नजरें सीरीज नाम करने पर होंगी। फिलहाल यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। आप यहां मैच से जुड़े पल-पल के अपडेट्स पढ़ सकते हैं...