अगर आप भी पैसों के लिए परेशान रहते हैं और निवेश कर अपने पैसे बढ़ाने का कोई तरीका खोज रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आज हम आपको निवेश का एक ऐसा विकल्प बताने जा रहे हैं जिसे आप में से कुछ ही लोगों ने सुना होगा। खास बात ये है कि ये लगभग शेयर बाजार की तरह ही काम करता है। आइए जानते हैं ये है क्या।
पैसे कमाने का शानदार तरीका, इस ग्लोबल मार्केट में निवेश कर होगी अच्छी कमाई
फॉरेक्स करंसी ट्रेडिंग के जरिए कमाएं पैसे
हम बात कर रहे हैं फॉरेक्स करंसी ट्रेडिंग की। इसे एफएक्स (FX) मार्केट भी कहा जाता है। जिस तरह शेयर बाजार में कंपनियों के शेयर का लेनदेन होता है, उसी तरह करंसी ट्रेडिंग यानी कि मुद्रा विनिमय में अलग-अलग देशों की करंसी का लेनदेन होता है। इस करंसी ट्रेडिंग के जरिए आप रुपये को डॉलर से एक्सचेंज कर सकते हैं या पॉन्ड को यूरो से भी एक्सचेंज कर सकते हैं। और इसी के माध्यम से आप पैसे कमा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
ऐसे करें निवेश
इस ग्लोबल फाइनेंशियल मार्केट का हिस्सा बनकर आप पैसे कमा सकते हैं। यहां निवेश करने के लिए आप किसी एजेंसी की मदद ले सकते हैं। फ्रॉड का शिकार होने से बचने के लिए आपको इस बात का ध्यान देना होगा कि वो एजेंसी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) या सेबी (SEBI) की गाइडलाइन के अनुरूप व्यवसाय करती हो। बता दें कि करंसी ट्रेडिंग कोई नई नहीं है। इसकी शुरुआत साल 1970 में ही हो गई थी। आगे आपको बताते हैं ये काम कैसे करता है।
ऐसे काम करता है फॉरेक्स ट्रेडिंग
जिस तरह शेयर बाजार में निवेश के लिए डीमेट खाता होना अनिवार्य है, उसी तरह फॉरेक्स ट्रेडिंग के लिए किसी फॉरेक्स एजेंसी या ब्रोकर के साथ एक ट्रेडिंग खाते की जरूरत होती है। इस मार्केट में एक करंसी को दूसरी करंसी से बदला जाता है। करंसी बदलने के लिए एक एक्सचेंज रेट होता है। यानी एक करंसी को दूसरी करंसी में बदलने की दर। इसी दर के हिसाब से आप कमाई कर सकते हैं। अब उदाहरण के माध्यम से समझते हैं कि आपको इससे कैसे फायदा होगा।
ऐसे होगी कमाई
मान लीजिए कि आपने किसी एजेंसी से रुपये के बदले 1,000 डॉलर लिए। अब जिस वक्त आपने डॉलर खरीदा उस वक्त उसका एक्सचेंज रेट 1.5 था यानी आपको 1,000 डॉलर खरीदने के लिए 1,500 रुपये देने पड़े। अब कुछ समय बाद एक्सचेंज रेट में थोड़ा बदलाव हुआ और यह बढ़कर 1.55 हो गया। यानी अब जब आप 1,000 डॉलर बेचेंगे तो आपको 1,550 रुपये मिलेंगे। इस तरह आपको कुल 50 रुपये का मुनाफा हुआ। बता दें कि ये एक छोटा सा उदाहरण है। आपको कितना निवेश करना है ये आपकी इच्छा पर निर्भर करता है।
अमर उजाला डिजिटल आपके लिए सीरीज के तहत पाठकों द्वारा पूछी गईं जानकारियों पर विस्तृत खबर बना रहा है। यह खबर भी पाठकों द्वारा चाही गई थी। यदि आप भी ऐसी किसी विषय के बारे में जानना चाहते हैं तो इस पेज के अंत में दिए गए कमेंट बॉक्स में लिख सकते हैं या अमर उजाला के ट्विटर और फेसबुक पेज पर अपनी बात #aapkeliye #आपकेलिए हैशटैग से लिख सकते हैं।