बचपन में आपसे कई बार पूछा गया होगा कि "बेटा बड़े हो कर क्या बनोगे" आप शायद डॉक्टर, इंजीनियर या आर्किटेक्ट जैसे नाम लेते होंगे। लेकिन आपको इन नौकरियों के बारे में नहीं पता होगा जो आज-कल दुनिया में लोग करते हैं। एक से बढ़ कर एक अतरंगी और आश्चर्यजनक नौकरियां हैं। खुद देख लो जी...
जापान के लोग बड़े मेहनती होते हैं और वहां समय से काम पर पहुंचना बहुत ज़रूरी होता है। इसीलिए सुबह जब मेट्रो में बहुत भीड़ होती है, तब कुछ लोग बस लोगों को मेट्रो में धक्का देने का काम करते हैं। ये हैं पेशेवर धक्का देने वाले। इन्हें इस काम के लिए पैसे भी मिलते हैं।
टोक्यो में अगर आप चाहें तो किराए पर बॉयफ्रेंड बना सकते हैं। अब इसका क्या फायदा है, ये तो जापानी ही जानें।
लोगों के पास हमेशा समय की कमी होती है ऐसे में कौन लाइन में खड़े हो कर फ़िल्म के टिकट खरीदे। इसके लिए आप पेशेवर लाइन में खड़े होने वाले को काम पर लगा सकते हैं। वो आपकी जगह किसी भी लाइन में, कितनी भी देर, खड़ा हो जाएगा जब तक आप उसे पैसे दे रहे हैं। कमाल है ये नियम भारत में होता तो नोटबंदी में इसे ही आजमाते।
सपना सा लगता है न? सोने के लिए भी कोई पैसा दे सकता है! लेकिन ये सच है। वैज्ञानिक अपनी रिसर्च के लिए पेशेवर सोने वालों को रुपये देते हैं। उन्हें बस आराम से सोना होता है और वैज्ञानिक नींद से सम्बंधित बीमारियों की रिसर्च उन पर करते हैं।