'स्वच्छ भारत मिशन' पीएम मोदी द्वारा चलाया जा रहा सबसे महत्वपूर्ण अभियान है, लेकिन उत्तर प्रदेश के अधिकारी पीएम मोदी के इस अभियान को पलीता लगाने में कोई कोर कसर छोड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं। वैसे तो पीएम मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को लेकर प्रशासन और अधिकारी कई तरह के दावे करते रहते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में स्वच्छ भारत मिशन को ढंग से पलीता लगाया जा रहा है। यहां स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बने शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री लगाकर लोगों की जान से खिलवाड़ किया गया है।
करीब डेढ़ साल पहले इस योजना के तहत यहां बनाए गए एक शौचालय की छत अचानक गिर जाने से उसके मलबे में दबकर एक बुजुर्ग घायल हो गया है। इस मामले में डीपीआरओ को मिली शिकायत के आधार पर ब्लॉक स्तर से जांच शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बना एक शौचालय अचानक ढह गया था, जिसके बाद उसके मलबे में दबकर 80 साल के बुजुर्ग जीवन राम घायल हो गए थे। हादसे के समय जीवन राम सिंह उसके अंदर ही मौजूद थे, तभी शौचालय भरभरा कर गिर पड़ा। आनन-फानन में घायल बुजुर्ग जीवन राम को मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इस हादसे के बाद पूरे देश में इस योजना के तहत चल रहे शौचालय निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवालिया निशान लग गए हैं।
घायल बुजुर्ग जीवन राम सिंह की पोती ने इस घटना को लेकर बताया है कि डेढ़ साल पहले स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी द्वारा उनका शौचालय बनवाया गया था। इसके निर्माण में घटिया सामग्री लगा कर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी ने पैसे खा लिए हैं। इस तरह निर्माण यदि हो रहा है तो यह चिंता का विषय है और ऐसा हादसा किसी के साथ भी हो सकता है, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही होनी चाहिए।