गर्मी के मौसम में आग लगने की घटना सामान्य तौर पर बढ़ जाती हैं। इस मौसम में ज्यादातर खेत में खड़ी फसलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। वहीं कई बार बिजली के उपकरणों से होने वाले शॉर्ट सर्किट से भी आग लग जाती है। आपने दमकल विभाग के लोगों को फायर एक्सटिंग्विशर के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश करते भी देखा होगा। लेकिन क्या आपने कभी ये सोचा है कि ये एक्सटिंग्विशर कितने प्रकार के होते हैं?
ज्ञान की बात: आखिर आग बुझाने वाले सिलेंडर अलग-अलग तरह के क्यों होते हैं?
फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल आग लगने वाली स्थिति पर निर्भर करता है। पेपर, कपड़े और लकड़ी में लगी आग पर काबू पाने के लिए गैस में लगी आग को बुझाने वाला एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। एक्सटिंग्विशर का अलग-अलग प्रकार का काम भी अलग-अलग है। तो आइए जानते हैं इन एक्सटिंग्विशर के बारे में विस्तार से...
फोम एक्सटिंग्विशर
पेट्रोल-डीजल या किसी ज्वलनशील पदार्थ में लगी आग को बुझाने के लिए फोम एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया जाता है। फोम एक्सटिंग्विशर पर क्रीम कलर का लेवल होता है। इस एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल से पेपर और कपड़ों में लगी गंभीर आग को भी बुझाया जाता है।
वाटर एक्सटिंग्विशर
वाटर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल आग बुझाने में सबसे ज्यादा किया जाता है। इसके इस्तेमाल में आने वाला खर्च भी काफी कम होता है। बता दें कि आग के प्रभाव के हिसाब से वाटर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करने के लिए अलग-अलग पॉइंट्स का उपयोग किया जाता है।
पाउडर एक्सटिंग्विशर
इस एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कई रूप में किया जाता है। वैसे इस एक्सटिंग्विशर का मुख्य उपयोग बड़े इमारत के भीतर किया जाता है। पाउडर एक्सटिंग्विशर वैसे जगहों पर उपयोग में लाया जाता है, जहां किसी अन्य तरह के एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। पाउडर एक्सटिंग्विशर पर नीले रंग का लेवल होता है।