राजस्थान के भरतपुर में एक 26 वर्षीय लड़की ने शादी से एक महीने पहले ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से एक रूमाल मिला है, जिसपर दोनों तरफ सुसाइड नोट लिखे हुए हैं। इसमें एक तरफ लड़की ने अपने भाई को पत्र लिखा है, जबकि दूसरी तरफ उसने अपने होने वाले पति को पत्र लिखा है।
जानकारी के मुताबिक, लड़की पेशे से एक टीचर थी और वो गणेश विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में किराये पर रहती थी। उसकी शादी 10 मार्च को होनी थी। लेकिन उससे पहले ही उसने अपनी चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि लड़की पंखे से लटकी हुई थी, जिसके बाद उसके शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
लड़की के कमरे से पुलिस ने उसके दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। हालांकि दोनों मोबाइल पासवर्ड से लॉक हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि मृतका ने आखिरी बार किससे बात की थी और कितनी देर बात हुई थी। हालांकि घटना के संबंध में मृतक लड़की के पिता ने आत्महत्या का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस को लड़की के पास से जो सुसाइड नोट बरामद हुआ है, उसमें उसने अपने भाई के बारे में लिखा है कि मेरा भाई दुनिया में सबसे ज्यादा मुझे प्यार करता है। वह मुझसे छोटा है, लेकिन मैंने जिंदगी जीने का तरीका उससे ही सीखा। वह मेरे लिए सारी दुनिया से लड़ता था, लेकन अफसोस कि मैं आजतक उसे कोई भी खुशी नहीं दे पाई। मैं एक अच्छी बहन नहीं हूं। सॉरी भाई। यह पत्र उसने 18 दिसंबर, 2018 को लिखा था।
लड़की ने रूमाल के दूसरी तरफ जो सुसाइड नोट लिखा है, उसमें उसने अपने मंगेतर के बारे में लिखा है कि मैंने अपने आप को ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां सिर्फ और सिर्फ .... हैं। मैं अपनी बातों को लिखने के लिए जिस कागज का इस्तेमाल कर रही हूं, वो मेरे पति के खून से सना है। जो मेरे कान्हा (पति) चाहते हैं, मैं उन्हें वो नहीं दे पा रही हूं। मैं एक अच्छी पत्नी नहीं हूं, जबकि इस पत्नी का पति बहुत अच्छा है। सॉरी बाबू। लड़की ने अपने होने वाले पति के नाम यह पत्र 19 दिसंबर, 2018 को लिखा था।