पति इटली में रहता था। शादी के लिए वो इटली से वापस अपने घर आया था और शादी के दो महीने बाद ही वो फिर से इटली चला गया। इसी बीच मौका पाकर ससुर ने नई नवेली बहू के साथ ऐसी बेरहमी दिखाई कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दरअसल, पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले कुलदीप कुमार नाम के युवक की शादी 27 जनवरी 2018 को राजिंदर कौर नामक युवती से हुई थी। शादी बड़े ही धूमधाम से हुई। लड़की के घरवालों ने शादी में ढेर सारे गहने और दहेज भी दिए, लेकिन महीनेभर बाद ही पति ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। वो विदेश जाने के लिए पत्नी से मायके जाकर पैसे लाने की मांग करने लगा।
जब पत्नी ने पैसा लाने से मना दिया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि किसी तरह वो फिर से इटली चला गया। इसके बाद सास दहेज के लिए रोज झगड़ा करने लगी। जब इस बारे में उसने अपने मायके में बताया तो ससुर ने कमरा बंद कर उसकी पिटाई की। अस्पताल में भर्ती राजिंदर कौर ने बताया कि जब भी कोई घर आता था तो उनके सामने सास-ससुर उसे पागल बताते थे।
युवती ने बताया कि जब भी इटली से उसके पति का फोन आता तो सास-ससुर उससे यही कहते कि तेरी पत्नी पागल और आवारा किस्म की लड़की है। युवती ने आरोप लगाया है कि बाद में सास-ससुर उसपर तलाक देने का दबाव बनाने लगे। उन्होंने मुझे कमरे में बंद कर दिया और कोरे कागज पर साइन करने को बोलने लगे। जब मैंने इससे मना किया तो उन्होंने मेरी डंडों से पिटाई की और तब तक मारते रहे जब तक मैं बेहोश न हो गई।
युवती ने बताया कि ससुराल वालों ने मुझे मरा हुआ समझकर घर के बाहर सड़क पर फेंक दिया। इसी बीच किसी ने मेरे मायके वालों को सूचना दे दी, जिसके बाद मुझे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, युवती के ससुराल वालों ने उसके लगाए आरोपों को झूठा करार दिया है। उनका कहना है कि हमने ऐसा कुछ नहीं किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।