चाय बेचने निकला शख्स, पहन रखी थी कोरोना काल वाली पीपीई किट, लिफ्ट में घुसते ही मच गई हलचल
Viral Video: हरियाणा के जिला सचिवालय में एक चायवाला पीपीई किट पहनकर चाय बेचने पहुंच गया। दरअसल, बारिश से बचने के लिए उसने कोरोना काल में खरीदी गई पुरानी किट पहन ली। लिफ्ट में उसका यह अनोखा अंदाज देखकर लोग हैरान रह गए। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर कब किसका कौन सा वीडियो लोगों को हंसने पर मजबूर कर दे, कुछ कहा नहीं जा सकता। कई बार लोगों के छोटे-छोटे जुगाड़ भी इतने मजेदार होते हैं कि उन्हें देखकर चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। खासकर भारतीय जुगाड़ की बात हो तो लोग हर बार कुछ नया कर दिखाते हैं। इन दिनों हरियाणा से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है। इसमें एक चायवाले ने बारिश से बचने के लिए ऐसा तरीका निकाला कि उसे देखकर लोग कोरोना काल के दिनों को याद करने लगे। दरअसल, यह पूरा मामला हरियाणा के जिला सचिवालय का बताया जा रहा है। यहां चाय बेचने वाला एक शख्स पीपीई किट पहनकर चाय पहुंचाने आया था। आमतौर पर पीपीई किट डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए इस्तेमाल करते देखा गया था, लेकिन इस चायवाले ने इसका इस्तेमाल एक बिल्कुल अलग काम के लिए कर लिया। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
लिफ्ट में चायवाले को देखकर चौंक गए लोग
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जिला सचिवालय की लिफ्ट में कुछ लोग पहले से मौजूद हैं। तभी लिफ्ट का दरवाजा खुलता है और एक शख्स अंदर आता है। उसने सिर से लेकर पैर तक पीपीई किट पहन रखी है। उसके हाथ में चाय की केतली और कांच के गिलास भी नजर आते हैं। उसका यह अंदाज देखकर लिफ्ट में मौजूद लोग हैरान रह जाते हैं। पहली नजर में उसे देखकर ऐसा लगता है, जैसे कोई स्वास्थ्यकर्मी किसी मरीज को देखने जा रहा हो।
View this post on Instagram
घर पर रखी हुई थी किट
इसी बीच वीडियो बना रहा शख्स उससे मजाकिया अंदाज में पूछता है कि भाई, यह क्या पहन रखा है? इस पर चायवाला मुस्कुराते हुए अपनी बात बताता है। वह कहता है कि यह पीपीई किट उसने कोरोना काल के दौरान खरीदी थी और तब से घर पर रखी हुई थी। अब जब बाहर तेज बारिश हो रही थी तो उसने भीगने से बचने के लिए यही किट पहन ली। यानी रेनकोट खरीदने या कहीं और इंतजाम करने के बजाय उसने घर में रखी पुरानी चीज का ही इस्तेमाल कर लिया।
लोगों को पसंद आया चायवाले का जुगाड़
चायवाले का जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंसने लगते हैं। वह यह भी साफ करता है कि कोई बीमारी नहीं फैली है और वह रोज की तरह सचिवालय में लोगों को चाय पिलाने ही आया है। अब उसका यही अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इंस्टाग्राम पर यह वीडियो यूजर ने शेयर किया है। वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और हजारों लोग इसे पसंद कर चुके हैं। कमेंट सेक्शन में भी यूजर्स चायवाले के जुगाड़ की तारीफ करते हुए मजेदार बातें लिख रहे हैं। एक यूजर ने उसकी मुस्कान की तारीफ करते हुए लिखा कि रेनकोट ने तो उसे सीधे शूटर बना दिया। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि पुरानी इनवेस्टमेंट आज बारिश में काम आ गई। सच में, जरूरत पड़ने पर घर में रखी पुरानी चीज भी कितनी काम आ सकती है, यह चायवाले ने दिखा दिया।