अपनी शादी को खास बनाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। कोई डेस्टिनेशन वेडिंग करता है तो कोई थीम बेस्ड शादी कर अपनी मैरिज को खास और यादगार बनाता है। लेकिन आज हम आपको जिस शादी के बारे में बताने जा रहे है वह बिल्कुल अलग है। दरअसल एक कपल के सामने ऐसी मजबूरी आ गई कि उन्हें टॉयलेट में शादी करनी पड़ी। जी हां ये बात बिल्कुल सच है।
अमेरिका के न्यूजर्सी में एक दूल्हे-दुल्हन को कोर्ट के टॉयलेट में ही शादी करनी पड़ी। दरअसल ब्रायन और मारिया शूज मॉनमाउथ काउंटी कोर्टहाउस में अपनी शादी के लिए परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ जमा हुए थे। सब कुछ अच्छे से हो रहा था। उसी दौरान अचानक दूल्हे ब्रायन की मां को अस्थमा का अटैक आ गया।
वहां मौजूद ऑफिसर्स दूल्हे की मां को तुरंत टॉयलेट में ले गए और उन्हें ऑक्सीजन देना शुरू किया गया। साथ ही एंबुलेंस को कॉल कर दिया गया। वहां मौजूद सभी लोग मां की सेहत को लेकर चिंता में आ गए थे। कोई भी नहीं चाहता था कि शादी को टाल दिया जाए क्योंकि यदि शादी रोक दी जाती तो अगले मैरिज लाइसेंस के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ता। वहीं मां के बिना भी ये सेरेमनी पूरी नहीं हो सकती थी।
खराब सेहत में मां टॉयलेट से बाहर नहीं निकल पा रही थीं जिसके चलते काफी देर सोच विचार करने के बाद आखिर में फैसला हुआ कि शादी की सेरेमनी महिलाओं के उस वॉशरूम में ही मां के सामने होगी।
दूल्हा दुल्हन दोनों ही इस बात के लिए राजी हो गए। यहां तक कि जज केटी गमर ने भी इसमें सहयोग किया और शादी की कार्यवाही जारी रखने के लिए टॉयलेट में ही उपस्थित रहीं। कोर्टरूम के सभी स्टाफ ने भी इसमें मदद की।