बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव “एनडीए भगाओ-बेटी बचाओ, साईकिल मार्च” निकाल रहे हैं। उनके इस मार्च में हजारों की ताजाद में लोगों ने हिस्सा लिया। इस मार्च के जरिए वह भाजपा और राज्य में नीतीश सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। उन्होंने आज एक ट्वीट भी किया।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि मैं जिंदा हूं और जिंदा समाज में रहता हूं। मां-बहन की इज्जत पर बात आएगी तो सड़क पर उतरकर समाज में जागरूकता भी फैलाऊंगा और बेटी विरोधी बलात्कारियों का समर्थन करने वाले नीतीश चाचा को भी सत्ता से उखाड़ूंगा। उन्होंने सरकार के खिलाफ इस मार्च के लिए लोगों से समर्थन मांगा था।
बता दें के देश भर में महिलाओं के साथ अत्याचार और भीड़ तंत्र (मॉब लिंचिंग) की लगातार खबरें आ रही हैं। इसको लेकर राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों में भी काफी हंगामा हुआ था।
विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह से फेल हो गई है। महिलाओं के साथ बलात्कार और अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं राह चलते लोगों को भीड़ तंत्र का शिकार होना पड़ रहा है।
इससे पहले बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पटना में साइकिल यात्रा निकाली थी, लेकिन कुछ ही दूर जाते ही उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह लड़खड़ाकर गिर पड़े।