किआ ने हाल ही में अपने सबकॉम्पैक्ट एसयूवी किआ सोनेट का ग्लोबल प्रीमियर किया है। खास बात यह है कि कंपनी की यह मेड इन इंडिया एसयूवी है। कंपनी इससे पहले इसे ऑटो एक्सपो 2020 में भी शोकेस कर चुकी है। वहीं किआ सोनेट के लॉन्च होने की आहट ने बाकी कंपनियों की नींद भी उड़ गई है। कंपनियों ने इस सेगमेंट की गाड़ियों के दामों में कमी करने का एलान कर दिया है। आइए जानते हैं किआ सोनेट के उन 10 फीचर्स के बारे में, जो पड़ते हैं प्रतिद्वंदी गाड़ियों पर भारी...
Kia Sonet के इन टॉप 10 फीचर्स के आगे नहीं टिकती इस सेगमेंट की बाकी SUV!
एडवांस प्लेटफॉर्म
किआ सेल्टोस को कंपनी ने पिछले साल लॉन्च किया था। इसे पावरफुल इंजन और ट्रांसमिशन ऑप्शन के साथ उतारा गया था। कुछ ऐसा ही करने की योजना सोनेट के साथ भी है। कंपनी इसे तीन इंजन ऑप्शंस 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.5 लीटर टर्बो डीजल इंजन के साथ उतार सकती है। ये इंजन ह्यूंदै की वेन्यू में भी मिलते हैं। GT Line सोनेट में 1.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जिसे 7-स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन के साथ उतारा जाएगा। बाकी इंजन ऑप्शन को 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड मैनुअल, क्लचलेस आईएमटी ट्रांसमिशन और 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर के साथ उतारा जा सकता है।
डिजाइन
सेल्टोस की तरह सोनेट की डिजाइनिंग में भी किआ मोटर्स ने कोई कोरकसर बाकी नहीं छोड़ी है। डिजाइन इसका यूएसपी है, जो इसे इस सेगमेंट की बाकी गाड़ियों से अलग करता है। सोनेट में टाइदर नोट ग्रिल, हार्टबीट DRLs, बोल्ड फ्रंट फेसिया, एलईडी टेललैंप, सिल्वर फिनिश फॉक्स स्किड प्लेट जैसे डिजाइनिंग एलीमेंट्स मिलते हैं। वहीं लॉन्च होने के बाद इस सेगमेंट की यह सबसे चौड़ी एसयूवी होगी।
कंफर्ट
नई किआ सोनेट में ड्राइवर और पैसेंजर के लिए इस सेगमेंट में पहली बार वेंटिलेटेड सीटें दी जाएंगी। यह फीचर फिलहाल सेल्टोस और क्रेटा में ही मिलता है, यहां तक कि वेन्यू में भी कंपनी ने यह फीचर नहीं है। साथ ही ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, परफ्यूम्ड एयर प्यूरीफायर, प्रीमियम लेदर अपहोलस्ट्री, वायरलेस फोन चार्जिंग, साउंड मूड लाइट्स, रिअर एसी वेंट्स, फ्रंट और रिअर ऑर्मरेस्ट, तीन ड्राइव और तीन ट्रैक्शन मोड्स जैसे फीचर मिलेंगे। माना जा रहा है कि इस सेगमेंट की यह पहली फीचर लोडेड एसयूवी होगी।
10.25 इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम
सोनेट में अभी तक का सबसे बड़ी 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। इससे पहले किआ सेल्टोस में भी यही सिस्टम दिया गया था। यह सिस्टम एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करेगा। साथ ही इसमें वॉयस रिकॉग्नाइजेशन, इन-बिल्ट नेविगेशन जैसे फीचर भी मिलेंगे।