बॉलीवुड में कई ऐसे स्टार हैं जो धांसू बाइक्स के दीवाने हैं। अब तक इसमें जॉन अब्राहम का नाम सबसे पहले लिया जाता था। लेकिन लगता है अब शाहिद कपूर इसमें बाजी मारने वाले हैं। बता दें, हाल ही में ऐक्टर शाहिद कपूर को Ducati Scrambler 1100 की सवारी करते देखा गया। Ducati Scrambler 1100 बाइक की सवारी करते हुए शाहिद कपूर की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
इटेलियन बाइक निर्माता कंपनी डुकाटी ने भारत में स्क्रैम्बलर 1100 को पिछले साल अपग्रेड कर इसके तीन वेरिएंट लांच किया था। कंपनी ने इसमें नया 1,079सीसी L-twin इंजन दिया है जो मॉन्स्टर 1100 से लिया गया है। यह 7,600आरपीएम पर 85बीएचपी की पॉवर और 4,750आरपीएम पर 88एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।
इसमें 6-स्पीड ट्रांसमिशन और राइड-बाय-वायर फीचर दिया गया है। डुकाटी की बाइक एबीएस, कॉर्निंग एबीएस और फोर-लेवल ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम से लैस है। इसके अलावा बाइक में राइड-बाई-वायर थ्रोटल फीचर्स के तौर पर तीन राइडिंग मोड्स - एक्टिव, जर्नी और सिटी दिए गए हैं।
इसमें ट्विन अंडरसीट एग्जॉस्ट दिए गए हैं। इसका डिजाइन टिपिकल नॉन रेट्रो है। इसमें ‘X’ पैटर्न हेडलाइट दी गई है। बाइक में नया स्टील ट्रेलिस फ्रेम है, जो ऐल्युमिनियम डबल साइडेड स्विंगआर्म से लैस है। इसमें 10 स्पोक अलॉय व्हील्ज़ हैं। फ्रंट वील 18 इंच का है और रियर व्हील 17 इंच का है।
कंपनी ने स्टैंडर्ड डुकाटी स्क्रैम्बलर 1100 की कीमत 10.91 लाख रुपये,तो स्क्रैम्बलर 1100 स्पेशल की कीमत 11.12 लाख रुपये और स्क्रैम्बलर 1100 स्पोर्ट की कीमत 11.42 लाख रुपये (एक्स शोरूम) रखी है।