ह्यूंदै ने कॉम्पैक्ट एसयूवी क्रेटा का नया वैरियंट लान्च किया है। क्रेटा को ह्यूंदै ने 7 ट्रिम में लान्च किया था। इनमें से दो ट्रिम को कंपनी ने इस साल की शुरुआत में बंद कर दिया था। वहीं कंपनी ने नया EX ट्रिम लान्च किया है, जो बेस वैरियंट से ऊपर होगा। जानते हैं क्या होंगे EX ट्रिम के फीचर...
E ट्रिम की कीमत 9.60 लाख रुपये और E+ की कीमत 9.99 लाख रुपये
ह्यूंदै ने क्रेटा के 7 वैरियंट E, E+, S, SX, SX Dual Tone, SX (O), और SX (O) Executive उतारे थे। इनमें से दो ट्रिम बेस वैरियंट E और S को बंद कर किया था। जिसके बाद E+ ट्रिम क्रेटा का एंट्री लेवल वैरियंट बन गया। वहीं अब क्रेटा ने E+ वैरियंट के ऊपर नया वैरियंट EX लान्च किया है। क्रेटा के E ट्रिम की कीमत 9.60 लाख रुपये और E+ की कीमत 9.99 लाख रुपये है।
EX ट्रिम पेट्रोल और डीजल में लान्च
क्रेटा ने EX ट्रिम को पेट्रोल और डीजल दोनों में लान्च किया है। वहीं इसके अंदर फॉग लैंप्स के साथ एलईडी डीआरएल, रिअर सीट आर्मरेस्ट, कप होल्डर्स, पीछे की तरफ एडजस्टेबल सीट रेस्ट जैसे फीचर मिलेंगे। इसके अलावा मैप लाइट, सनग्लास होल्डर, दो ट्विटर्स, 5 इंच टचस्क्रीन ऑडियो सिस्टम, स्टीयरिंग माउंट कंट्रोल, फ्रंट यूएसबी चार्जिंग सॉकेट का फीचर भी मिलेगा।
पेट्रोल EX की कीमत 10.85 लाख रुपये
सेफ्टी फीचर्स की बात करें, तो इस ट्रिम में ईबीडी के साथ एसबीएस, एयरबैग्स, रिअर पार्किंग कैमरा भी मिलेगा। क्रेटा EX में 1.6 लीटर का पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 123 पीएस की पावर और 154 एनएम का टार्क देता है। साथ ही इसमें 1.4 लीटर का डीजल इंजन मिलेगा, जो 90 पीएस की पावर और 224 एनएम का टार्क देता है। डीजल वैरियंट के साथ 6 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन का फीचर मिलेगा। पेट्रोल EX वैरियंट की कीमत 10.85 लाख रुपये और डीजल EX की कीमत 11 लाख रुपये होगी।
मई में लान्च होगी वेन्यू एसयूवी
वहीं क्रेटा इस साल मई में अपनी सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू लान्च करेगी। ह्यूंदै के लाइन-अप में वेन्यू का नंबर क्रेटा से नीचे होगा। वेन्यू देश की पहली ऐसी कार होगी, जो कनेक्टेड फीचर के साथ आएगी। इसके लिए ह्यूंदै ने खासतौर पर वोडाफोन के साथ टाइ-अप किया है। वेन्यू को 17 अप्रैल से न्यू यार्क में शुरू होने वाले इंटरनेशनल मोटर शो में डेब्यू किया जाएगा। वेन्यू में 1.4 लीटर का डीजल इंजन और 1 लीटर का टर्बोचार्ज्ड 3 सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा।