आने वाले वक्त में आपको शायद ही कार खरीदने की जरूरत पड़ेगी। बस किराया भरो और जब मन चाहे तब तक चलाओ और जब बोर हो जाओ तो दूसरी कार ले आओ। इंडिया में यह कंसैप्ट भले ही नया है, लेकिन विदेश में पहले से ही लागू है। वहीं अब Toyota के बाद Hyundai ने ‘जीरो’ डाउनपेमेंट पर कार देने की योजना बनाई है।
‘जीरो’ डाउनपेमेंट पर मिलेंगी Grand i10, Elite i20 और Creta, महीने में चुकाने होंगे इतने रुपये
Revv से किया करार
देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी हुंडई मोटर्स ने अपनी कारों को लीज पर देने के लिए Revv से करार किया है। इस योजना की खासियत होगी कि बिना कर खरीदे हुंडई की नई कारों को भी लीज पर लिया जा सकेगा। वहीं इसमें सर्विस की कीमत भी नहीं चुकानी पड़ेगी और खर्चा कार कंपनी वहन करेगी।
12 से 48 माह तक लेनी होगी लीज
हुंडई अपनी इस पायलट सर्विस को देश के छह शहरों में शुरू करेगी और शुरुआत में केवल दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, पुणे, बंगलुरू और हैदराबाद में शुरू किया जाएगा। इस सेवा के तहत ग्राहकों को कम से कम 12 महीने के लिए कार को लीज पर लेना पड़ेगा और अधिकतम 48 महीने के लिए लीज पर लिया जा सकेगा। वहीं 12 महीने के सब्सक्रिप्शन पीरियड के बाद ग्राहक वाहन खरीदने के पात्र होंगे। वहीं 48 महीने के सब्सक्रिप्शन के बाद ग्राहक नया वाहन लीज पर खरीद सकेंगे। वहीं जो कस्टमर्स एक साल या उससे अधिक सब्सक्रिप्शन का विकल्प चुनेंगे, उन्हें हुंडई के अनुसार निश्चित रूप से एक नई कार मिलेगी।
कार पर लगेगी कमर्शियल नंबर प्लेट
हुंडई के मुताबिक इस नई सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को जीरो डाउनपेमेंट करना होगा। हालांकि कार का पहले साल का बीमा ग्राहकों को खुद कराना होगा। वहीं बाद के सालों का बीमा भी ग्राहकों को चुकाना होगा। वहीं इस सेवा की एक बात और होगी कि कार पर कमर्शियल नंबर प्लेट लगेगी मिलेगी, जिसके चलते ग्राहकों को बॉर्डर क्रास करने पर ज्यादा टोल टैक्स चुकाना पड़ सकता है। गौरतलब है कि सभी कमर्शियल वाहनों को राज्य में एंट्री करने पर स्टेट टैक्स चुकाना पड़ता है। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि पड़ोसी राज्यों के लिए हुंडई या Revv कंपनी प्री-पेड टैक्स ऑफर करेगी।
हुंडई सैंट्रो मैग्ना की सब्सक्रिप्शन कीमत
हालांकि अभी तक हुंडई ने ऑधिकारिक तौर पर इस सेवा की कीमतों का एलान नहीं किया है, लेकिन Revv की आधिकारिक साइट पर कार लीज की पूरी जानकारी है। जिसके मुताबिक हुंडई सैंट्रो मैग्ना वैरियंट की पहले 12 महीने के सब्सक्रिप्शन कीमत 15,790 रुपये प्रति माह होगी, जो 13 से 48 माह तक घटकर 13,390 रुपये प्रतिमाह हो जाएगी। वहीं 48 माह के लिए यह कीमत लगभग 6.73 लाख रुपये होगी। वहीं हुंडई सैट्रों की ऑन-रोड कीमत दिल्ली में 5.13 लाख रुपये है, जिसमें ऑन-रोड प्राइस के साथ इंश्योरेंस और रोड-टैक्स भी शामिल है। इसके अलावा ग्राहकों को सर्विसिंग के साथ मैंटीनेंस चार्जेज भी देने होंगे।