युवराज चन्द्रपुत्र बुध 09 मई की सुबह 09 बजकर 46 मिनट पर मेष राशि की यात्रा समाप्त करके अपने परममित्र शुक्र की राशि बृषभ में प्रवेश कर रहे हैं। शुक्र स्वयं अपनी राशि बृषभ में पहले से विद्यमान हैं बुध के भी साथ आ जाने से फलित ज्योतिष का महान 'लक्ष्मी-विष्णु' योग का निर्माण होगा। यह योग दो ऐसे शुभ ग्रहों के साथ निर्मित होता है जो परम मित्र भी हों। बुध और शुक्र इस तुला पर बिलकुल खरे उतरते हैं। इस योग में बुध को विष्णु शुक्र को लक्ष्मी की संज्ञा दी गयी है। अपने नाम के अनुसार फल देने वाले 'लक्ष्मी-विष्णुयोग' का आपकी राशि पर कैसा प्रभाव रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि- आपकी राशि से धनभाव में बना हुआ यह योग आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करेगा। रुका हुआ धन आएगा। पारिवारिक माहौल खुशनुमा रहेगा। किसी शुभ समाचार से मन प्रसन्न होगा और महंगी वस्तु का क्रय करेंगे। अपनी वाणी कुशलता के बलपर विषम हालात को भी सामान्य कर लेंगे। विद्यार्थियों के लिए और स्टॉक मार्केट में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए यह योग अति उत्तम रहेगा।
वृषभ राशि- आपकी राशि पर बनने वाला ‘लक्ष्मी विष्णु योग’वरदान की तरह है। कोई भी बड़े से बड़ा कार्य आरंभ करना हो, निर्णय लेना हो अथवा अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो उस दृष्टि से ये योग अति महत्वपूर्ण है। केंद्र अथवा राज्य सरकार के प्रतिष्ठानों से संबंधित कोई भी कार्य करवाना हो तो और अच्छा है। कोर्ट कचहरी के मामलों में भी निर्णय आपके पक्ष में आने के संकेत, सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी।
मिथुन राशि- राशि से बारहवें भाव में बनने वाला यह योग विदेशी कंपनियों से लाभ दिलाएगा, यहां तक कि यदि आप विदेशी नागरिकता के लिए वीजा आदि का भी आवेदन करना चाहें तो परिणाम सुखद रहेगा। विलासिता पूर्ण वस्तुओं पर अधिक खर्च होगा। मांगलिक एवं सामाजिक कार्यों पर भी खूब धन खर्च करेंगे। गुप्त शत्रुओं से बचते रहे प्रयास करें कि इस अवधि के मध्य किसी को अधिक कर्ज न दें।
कर्क राशि- राशि से लाभभाव में बना हुआ ये योग आय के साधन बढ़ाएगा। काफी दिनों से उधार दिया गया पैसा अथवा किसी भी तरह का रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। शिक्षा प्रतियोगिता में अच्छी सफलता मिलेगी। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति अथवा प्रादुर्भाव के भी योग बन रहे हैं। प्रेम प्रसंगों में प्रगाढ़ता आएगी तथा प्रेम विवाह से संबंधित निर्णय आपके पक्ष में होंगे।