T20: अभ्यास मैच के रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान से हारी उत्तराखंड की टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अफगानिस्तान और उत्तराखंड की टीम के बीच खेला गया अभ्यास मैच बेहद रोमांचक रहा। अंतिम ओवर तक चले मैच में अफगानिस्तान की टीम ने उत्तराखंड को 24 रनों से हराया। एक समय उत्तराखंड की टीम आसानी से जीत हासिल करते दिख रही थी, लेकिन आखिरी समय में अफगान की शानदार गेंदबाजी के आगे लगातार विकेट गिरने से उत्तराखंड को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले अफगान की ओर से शफीकुल्लाह ने 13 गेंदों में 44 रनों की शानदार तेजतर्रार पारी खेली। जबकि, उत्तराखंड के भानु प्रताप ने तीन विकेट के साथ 14 रन बनाकर आलराउंड प्रदर्शन किया।
मंगलवार को पहला अभ्यास मैच अफगानिस्तान और उत्तराखंड की टीम के बीच खेला गया। उत्तराखंड की टीम ने मेजबानी करते हुए अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अफगान टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 149 रन बनाए। अंतिम चार ओवर में अफगान बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 69 रन बनाए। शफीकुउल्ला ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 44 रन बनाए। समीउल्ला ने 27 गेंदों में 34 और ओपनर उस्मान घनी ने 19 गेंदों में 19 रन बनाए। अफगान ओपनर हजरत जजाई को पवन सुयाल ने क्लीन बोल्ड कर टीम को पहला झटका दिया।
उत्तराखंड के भानु प्रताप ने बीच के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके। पवन सुयाल ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाए। जवाब में ओपनिंग करने उतरे रणजी खिलाड़ी कुणाल चंदेला ने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर 33 रन बनाए। लेकिन दूसरे छोर से उत्तराखंड के दो खिलाड़ी तीसरे ओवर में 11 रन पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज शुभम पुंडीर ने 45 रनों की शानदार पारी खेली। अंतिम पांच ओवरों में टीम को जीत के लिए 62 रनों की जरूरत थी। भानु प्रताप ने सात गेंदों में 14 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन उनके आउट होते ही टीम की उम्मीद टूट गई। उत्तराखंड की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी।
काली पट्टी बांधकर उतरे उत्तराखंड के खिलाड़ी
अभ्यास मैच के दौरान उत्तराखंड के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे। उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेंद्र पाल के निधन पर शोक जताया। खिलाड़ियों ने राजेन्द्र पाल के निधन को उत्तराखंड क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा नुकसान बताया।
जमकर खिंचवाई फोटो, खूब ली सेल्फी
मैच के दौरान दर्शक के रूप में पहुंचे महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्रों ने अफगान क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के साथ खूब फोटो खिंचवाए और सेल्फी ली। अफगान क्रिकेटरों ने भी उनको निराश नहीं किया और फोटो खिंचवाए। बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे खिलाड़ियों के साथ भी जमकर फोटो खिंचवाए।
शफीकुल्लाह ने पैदा किया अंतर - असगर
जीत के बाद अफगानिस्तान टीम के कप्तान मोहम्मद असगर स्टेनिकजाई ने कहा की शफीकुल्लाह ने आखिरी ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर दोनों टीमों में अंतर पैदा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की टीम ने भी अच्छा खेल दिखाया। आखिरी के कुछ ओवर तक दोनों टीमों की स्थिति एक जैसी थी। लेकिन शफीकुल्लाह की शानदार बल्लेबाजी से हम जीतने में कामयाब रहे। उन्होंने स्टेडियम और यहां की सुविधाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि विकेट बहुत अच्छा है। जैसे-जैसे इस पर खेला जाएगा, यह और अच्छा होता जाएगा।
आखिरी दो ओवरों में ज्यादा रन दिए- चंदेला
मैच के बाद उत्तराखंड टीम के कप्तान कुणाल चंदेला ने कहा की आखिरी दो ओवरों में बहुत ज्यादा रन देना उनकी टीम को भारी पड़ा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सामने उत्तराखंड की टीम ने बहुत अच्छी चुनौती दी। युवा खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में कमी रह गई है, जिसे दूर किया जाएगा।