बढ़ रहा ओमिक्रॉन का खतरा: मेरठ में डॉक्टर दंपती बेटी समेत कोरोना पॉजिटिव, तीसरी लहर के लिए फिर होगा सीरो सर्वे
मेरठ में ओमिक्रॉन का खतरा लगातार बढ़ रहा है बुधवार को बागपत रोड के रहने वाले डॉक्टर दंपती और उनकी बेटी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेज गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग तीसरी लहर जांचने के लिए फिर से सीरो सर्वे शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
विस्तार
कोरोना पॉजिटिव आईं महिला दंत चिकित्सक मोदीनगर के एक डेंटल कॉलेज में फैकल्टी हैं। 17 दिसंबर को उनके कॉलेज में समारोह हुआ था। इसके बाद उनमें कोरोना के लक्षण आए, उनकी जांच कराई गई तो वह कोरोना पॉजिटिव आईं। उनके पति, जो सुभारती मेडिकल कॉलेज में सर्जन हैं और उनकी बेटी की भी जांच कराई गई। उन दोनों को भी कोरोना की पुष्टि हुई है। फिलहाल तीनों घर पर ही इलाज करा रहे हैं।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तलियान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने सुभारती से 40 और बागपत रोड से इनके आस पड़ोस वाले 25 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आएगी। महिला चिकित्सक मोदीनगर में कार्यरत होने के कारण गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां सैंपलिंग कराएगी। इनके अलावा विदेश से आए 28 लोगों समेत बुधवार को 5346 लोगों की कोरोना की जांच की गई, डॉक्टर दंपती और उनकी बेटी समेत बाकी की रिपोर्ट नेगेटिव है।
बढ़ रहा ओमिक्रॉन का खतरा
मेरठ में विदेश (दुबई और अफ्रीका) से आई दो महिलाओं और केरल से आई एक महिला को कोरोना की पुष्टि हुई थी, उनकी जिनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट का इंतजार है। मेरठ के नजदीक गाजियाबाद में ओमिक्रॉन के मरीज मिल चुके हैं, इसलिए खतरा बढ़ता जा रहा है। कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या स्वास्थ्य विभाग की चिंता का विषय बन गया है।
विदेश से 55 लोग और आए 734 जांच होनी बाकी
विदेश से जिले में 55 लोग और आए हैं। इस साल 21 नवंबर के बाद से अब तक 1838 लोग विदेश से आ चुके हैं, जिनमें से 1095 की जांच हो चुकी है, 9 लोग बिना जांच लौट गए। 734 की जांच बाकी है। जिले में अब तक 66050 मरीज मिल चुके हैं। फोकस सैंपलिंग के तहत 35 स्थानों से 1384 लोगों के सैंपल लिए गए।
20858 लोगों ने लगवाया टीका
जिले में बुधवार को 202 बूथों पर 17949 लोगों का टीकाकरण किया गया। अब तक 21 लाख 39 हजार 67 लोग पहली डोज लगवा चुके हैं, जबकि इनमें से 1283625 लोग दोनों डोज लग चुकी हैं।
डेंगू के तीन केस सक्रिय
डेंगू का बुधवार को कोई मरीज नहीं मिला। इस साल मरीजों की कुल संख्या 1648 पहुंच गई है। इनमें से 1645 मरीज ठीक हो चुके हैं। तीन सक्रिय हैं। दो अस्पताल में हैं और एक घर पर इलाज करा रहा है।
तीसरी लहर... 24 से 28 के बीच फिर होगा सीरो सर्वे
तीसरी लहर आएगी या नहीं, आएगी तो कितना कहर बरपाएगी, सीरो सर्वे कर इसका विश्लेषण किया जाएगा। 24 से 28 दिसंबर के बीच यह सर्वे होगा। किस-किस क्षेत्र और कितने लोगों के सैंपल लिए जाएंगे, यह गुरुवार को तय किया जाएगा।
जिले में दो बार सीरो सर्वे हो चुका है, लेकिन उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। यह सीरो सर्वे बहुत महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि लोग तीसरी लहर के खौफ से डरे हुए हैं। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में इन नमूनों की जांच की जाएगी और लखनऊ में इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसमें कोरोना संक्रमित हो चुके, वैक्सीन लगवा चुके लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। इनमें बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के भी सैंपल लिए जाएंगे। जांच के दौरान लोगों में कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी बनने की स्थिति पता की जाएगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि इस बार राज्य में 15 जिलों में सीरो सर्वे किया जाएगा, जिनमें मेरठ जिला भी है।