मां गई थी दूध लेने... पिता ने दुधमुंही बच्ची की गला दबाकर ले ली जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किठौर में बेटे की हत्या का मामला ठंडा हुआ नहीं था कि इंचौली में एक और पिता ने अपनी सात महीने की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी पिता ने बच्ची की लाश को गांव के किनारे तालाब के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया। ग्रामीणों ने उसको पीटकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया और शव को बरामद कराया।
मामला इंचौली थानाक्षेत्र के सैनी गांव का है। मनोज उर्फ कृष्ण (24) पुत्र गजराज निवासी फलावदा अपनी पत्नी रानी के साथ किराये पर कमरा लेकर रह रहा है। उनके सात माह की बेटी कशिश थी। पुलिस के अनुसार मनोज किसानों की जमीन को बटाई पर लेकर खेतीबाड़ी करता है। उसकी पत्नी घरों में साफ सफाई करती है। बताया गया कि दंपति में विवाद रहता था। बृहस्पतिवार रात भी दंपति के बीच मारपीट हुई थी। शुक्रवार सुबह चार बजे रानी दूध लेने चली गई। इस दौरान मनोज अपनी सोती हुई बच्ची को उठाकर गांव के बाहर प्रमोद के ईख के खेत में ले गया। जहां पर मनोज ने बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी। उसके बाद शव को तालाब के पास एक गड्ढे में दबा दिया और फिर अपनी पत्नी को ढूंढने निकल गया। बाद में दोनों दूध लेकर वापस घर लौटे। रानी ने देखा कि कशिश चारपाई पर नहीं है। रानी ने पति पर बेटी की हत्या करने का अंदेशा जताकर हंगामा कर दिया। इस पर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए और कशिश के बारे में पूछा। लेकिन दंपति एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे। इस पर लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी।
पुलिस पहुंची तो खुला राज
बाद में ग्रामीणों की सूचना पर एसओ इंचौली पंकज शर्मा पुलिस फोर्स के साथ सैनी गांव में पहुंचे और दंपति से पूछताछ की। जिसमें आरोपी मनोज ने हत्या करना कबूल किया। पुलिस ने मनोज की निशानदेही पर कशिश का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पत्नी रानी की तहरीर पर मनोज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
लव मैरिज की थी
पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी मनोज फलावदा में झोलाछाप डॉक्टर था। इसी दौरान खतौली की रानी से संपर्क हुआ। रानी के दो बच्चे थे। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हुआ और दो साल पहले रानी ने अपने पति व बच्चों को छोड़कर मनोज से लव मैरिज कर ली। इसके बाद ने सैनी गांव में किराये के घर में रहने लगे। मनोज मेरठ में एक डॉक्टर के यहां कंपाउंडर की नौकरी करने लगा। दो माह पूर्व नौकरी छोड़कर भावनपुर थाना क्षेत्र के खोंजापुर पचपेड़ा में पांच बीघा जमीन बटाई पर लेकर खेती कर रहा था।
गुस्सा पत्नी पर, मार डाली मासूम
पुलिस के मुताबिक मनोज ने बताया कि उसको पत्नी पर गुस्सा था। बार-बार वह कमेंटबाजी करती और पहले पति को अच्छा बताती थी। जिससे उनके बीच की दूरियां बढ़ती जा रही थी। कामकाज भी ठीक नहीं चल रहा था। इस पर उसने बेटी को मार डाला। वह बेटी की हत्या करके आरोप भी पत्नी पर लगाना चाहता था।
हाथ भी नहीं कांपे आरोपी के
मासूम की हत्या कर एक पिता ने फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बेटी की हत्या करते वक्त पिता के हाथ भी नहीं कांपे। गांव प्रधान रामकुमार के मुताबिक अगर इस मामले में कोई तहरीर नहीं देता वह खुद तहरीर देते।
गंगाजल और नमक डाला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुस्से में सोती हुई बेटी को ले गया और ईंख के खेत में जाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सूखे तालाब के किनारे गड्ढा खोदा। शव को वहीं रखकर वह घर से गंगाजल और नमक लेकर गया। इसके बाद शव के ऊपर गंगाजल व नमक डालकर दबा दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/