{"_id":"ddc4da200b847709d0dc0d20201c23d9","slug":"bjp-and-congress-road-show-at-kangra-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिला परिषद पर कब्जे को भाजपा और कांग्रेस ने किया शक्ति प्रदर्शन","category":{"title":"City and States Archives","title_hn":"शहर और राज्य आर्काइव","slug":"city-and-states-archives"}}
जिला परिषद पर कब्जे को भाजपा और कांग्रेस ने किया शक्ति प्रदर्शन
ब्यूरो/अमर उजाला, धर्मशाला
Updated Sat, 23 Jan 2016 09:07 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सूबे के सबसे बड़े जिले कांगड़ा के भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। शनिवार सुबह जिला परिषद हाल के बाहर भाजपा से विधायक रविंद्र रवि, सरवीण चौधरी, पूर्व विधायक किशन कपूर, रमेश धवाला, विपिन परमार, प्रवीण कुमार और राकेश पठानिया अपने साथ पार्टी समर्थित नवनिर्वाचित सदस्यों को साथ लेकर आए।
विज्ञापन
इसके बाद वन निगम के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रवक्ता केवल सिंह पठानिया सहित कांगड़ा के पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू पार्टी समर्थित सदस्यों को साथ लेकर जिला परिषद हाल के बाहर पहुंचे। हाल के बाहर दोनों दलों के नेता शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्य हाल में गए और शपथ ग्रहण की। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हुई। प्रशासन से नवनिर्वाचित सदस्यों को 11:30 से 1:30 बजे तक चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए बुलाया। सभी सदस्य बाहर आए और सियासी जोड़तोड़ शुरू हुआ।
विज्ञापन
शपथ ग्रहण समारोह के बाद किसी भी राजनीतिक दल को अपना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने के लिए दो तिहाई बहुमत वाला 37 पार्षदों का आंकड़ा हाउस के अंदर साबित करना था। भाजपा का कोई भी पार्षद हाल में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने नहीं पहुंचा। ऐसे में कांग्रेस ने भी अपने पार्षद हाल में भेजने का रिस्क नहीं लिया। हालांकि, हाल के बाहर दोनों पार्टियों के नेता मीडिया के समक्ष अपना अपना बहुमत होने का दावा करते रहे। लेकिन, सियासी जोड़तोड़ में किसने बाजी मारी है इसका पता 29 जनवरी को तय की गई चुनाव प्रक्रिया की तिथि पर ही लग पाएगा।
विज्ञापन
वहीं, कांग्रेस की ओर से परिवहन मंत्री जीएस बाली, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया सहित अन्य नेताओं के न पहुंचने की सियासी सुगबुगाहट की चर्चाएं भी हर किसी जुबां पर रहीं। सियासी चर्चा यह भी रही कि बाली और मनकोटिया के समर्थित जिप सदस्य हाल में सबसे पहले बैठ गए थे। इसके बाद केवल सिंह पठानिया और सुरेंद्र काकू पार्टी समर्थित सदस्यों को साथ लेकर आए। वहीं, भाजपा नेताओं ने बाद में पूर्व मंत्री किशन कपूर के होटल कार्निका में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को इकट्ठा किया। यहां पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती नवनिर्वाचित पार्षदों से मिले।
हमारे पास पूरा बहुमत : पठानिया
वन निगम के उपाध्यक्ष एवं पार्टी प्रवक्ता केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जिला परिषद कांगड़ा में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी के ही चुने जाएंगे। हमारे पास इसके लिए पूरा बहुमत है।
हम बनाएंगे अपने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष : परमार
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक विपिन परमार ने कहा कि जिला परिषद कांगड़ा पर भाजपा ही जीत हासिल करेगी। हमारे पास बहुमत से ज्यादा संख्या बल है।