35 हजार में किया युवती का सौदा, रकम न देने पर बिफरा दलाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक पर 35 हजार रुपये में कोलकाता की युवती का सौदा करने का आरोप लगा है। पुलिस ने युवक और युवती के दलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक की बुआ मथुरा में रहती है। चार दिन पहले कोलकाता की 25 वर्षीय युवती से उसकी मुलाकात मथुरा में ही हुई थी। बुआ ने युवक की शादी के लिए युवती को कोलकाता से बुलाया था।
युवती के साथ एक दलाल यहां पहुंचा, जो खुद को उसका दूर का रिश्तेदार बताता है। इस शख्स ने युवती का सौदा युवक से 35 हजार रुपये में तय किया। सौदा तय होने के बाद युवक, युवती और उसके साथ आए दलाल के साथ हाथरस अपने घर आ गया। इस युवक का कहना है कि उसने युवती से बीते शुक्रवार को कोर्ट में शादी कर ली। वह बेहद गरीब है, इसलिए तय की गई 35 हजार रुपये की रकम नहीं दे सका है।
दलाल को दिए थे केवल 10 हजार रुपये
दलाल को केवल 10 हजार रुपये देने की बात युवक ने कही है। इस पर दलाल उखड़ गया और कोर्ट में शादी हो जाने के बावजूद शनिवार को युवती को वापस ले जाने लगा। युवक के घर से युवती और दलाल कोलकाता के लिए चल दिए। उनके पीछे-पीछे युवक भी आ गया और युवती को रोकने की कोशिश करने लगा।
तालाब चौराहे पर जब युवती और दलाल बस में सवार हो गए, युवक बस में चढ़ गया और युवती को जबरन बस से उतारने की कोशिश करने लगा। दलाल ने इसका विरोध किया और शोर मचाया। इस पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कोतवाली पुलिस को बुलाकर तीनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवती को तो छोड़ दिया, लेकिन दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है, अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।