मुंबई: ओडिशा के निलंबित पुलिस वाले ने रची थी बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की साजिश
मुंबई के बांद्रा में बीते गुरुवार हुई बुजुर्ग दंपत्ति हत्या मामले में ओडिशा के एक निलंबित पुलिस वाले को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को इस लूटपाट और हत्या के मामले में शुरू से ही घर में काम करने वाली नौकरानी पर शक था जो घटना के बाद से ही फरार थी। जब पुलिस ने मामले की जांच की तो उनका शक सही साबित हुआ। वहीं इसमें यह भी पता चला कि इस वारदात को नौकरानी ने अकेले नहीं बल्कि एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अंजाम दिया है। जांच में पता चला कि नौकरानी ने सिंहासन मुकुटेका (28) नाम के इस पुलिस कॉन्सटेबल के साथ ये अपराध किया था। मुकुटेका ने ही बुजुर्ग दंपत्ति के घर लूटपाट और उनकी हत्या की योजना बनाई थी।
जांच में पता चला कि मुकुटेका को नौकरी से इसलिए बर्खास्त किया गया था क्योंकि वह अपनी लिव-इन पार्टनर प्रीती बेहल की हत्या मामले में शामिल था। ओडिशा के नौपाडा जिले के बेहराधी गांव का रहने वाला मुकुटेका इस वक्त जमानत पर जेल से बाहर था। वह ओडिशा के एक शादी समारोह में खाखा से मिला और उससे सगाई कर ली। खाखा वही नौकरानी है जो दंपत्ति के घर काम करती थी और वारदात के बाद से फरार थी। खाखा काम की तलाश में बुजुर्ग दंपत्ति के घर आई। साथ ही उसने मुकुटेका को भी वहां आने को कहा।
मामले पर डीसीपी अनिल कुंभारे ने बताया कि 11 जून को वह माखिजानी परिवार के यहां काम करने आई थी जबकि मुकुटेका वहां 19 जून को पहुंचा। इसके बाद उसने घर का दरवाजा खोल दिया जिसके बाद मुकुटेका ने बुजुर्ग दंपत्ति के हाथ पैर बांध दिए और उनका गला घोंट दिया। उन्होंने कहा कि इस हत्या में अभी तक ऐसा ही लग रहा है कि दोनों की हत्या गला दबाकर की गई थी। अभी मृतकों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मुकुटेका उस वक्त बिल्डिंग में घुसा जब चौकीदार सो रहा था। वहां कोई सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं जिस कारण कोई भी उसे अंदर घुसते वक्त नहीं देख पाया। उन्होंने बताया कि माखिजानी की नौकरानी खाखा भी इसके बाद से गायब थी। उसके बारे में वहां कोई कुछ नहीं जानता था। जिसके बाद सारे इलाके के मोबाइल नंबर ट्रैक करके डाटा रिकॉर्ड देखे गए।
ऐसे आए दोनों आरोपी पकड़ में
सूत्रों ने बताया कि खाखा का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ था लेकिन फिर भी टावर लोकेशन के इस्तेमाल से पुलिस ने उसे ढूंढ लिया। वह सुबह 6.15 पर दादर से ओडिशा जाने वाली थी। सूत्रों ने बताया कि वारदात के बाद से खाखा और मुकुटेका शॉपिंग और अन्य कार्यों के लिए अपने साथी के साथ जाती रहती थी। यह बात बिल्डिंग के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी से पता चली। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी के प्रयोग से खाखा की फोटो रेलवे पुलिस को भी सौंपी हुई थी।
जिसके बाद खाखा और मुकुटेका गितांजली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे, तभी उन्हें नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें 26 जून तक पुलिस कस्टडी में रखा गया। जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से 10 लाख की कीमत के सोने के जेवर बरामद किए जिसमें 28 सोने के कंगन, 9 महंगी घड़ियां, 9 सोने की अंगूठी और 44 सोने की इयरिंग्स थे।
गौरतलब है कि मुंबई के बांद्रा में तीन कमरों के मकान में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति के साथ लूटपाट के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। मामला बीते गुरुवार का है। पुलिस को शक था कि वारदात को अंजाम घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही दिया है। मृतकों की पहचान नानक गोपालदास माखिजानी (85) और उनकी पत्नी दया नानक माखिजानी (71) के तौर पर हुई। वह खार अपार्टमेंट में रहते थे। उनकी देखभाल और घर का काम संभालने के लिए एक नौकरानी भी उनके साथ ही रहती थी। दंपती के दो बेटे हैं जो विदेश में रहते हैं।
पुलिस को हुआ था नौकरानी पर शक
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 9 बजे जब माखिजानी के घर काम करने वाली एक अन्य नौकरानी ने उनके दरवाजे की घंटी बजाई तो कोई उसे खोलने नहीं आया। उसने दरवाजा भी खटखटाया पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद उसने इस बारे में चौकीदार को सूचित किया। चौकीदार ने नानक के मोबाइल पर कई बार फोन किया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
इसके बाद चौकीदार ने बिल्डिंग के चेयरमेन को इस बारे में सूचित कर दिया। उन्होंने फिर हाउस कीपिंग स्टाफ की सहायता ली। स्टाफ सीढ़ियों की सहायता से पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में दाखिल हुआ। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या कर दी गई है। इसके बाद उन लोगों ने तुरंत ही पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सबसे पहले उन्हें घर में काम करने वाली नौकरानी खाखा पर शक हुआ जो दंपत्ति के साथ उनके घर में ही रहती थी। जब दोनों शवों को घर से बरामद किया गया तब नौकरानी वहां मौजूद नहीं थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक माखिजानी दंपत्ति ने घर के काम के लिए चार नौकरानियों को रखा हुआ था। जिनमें से एक उनके साथ घर पर ही रहती थी। पुलिस ने कहा कि जिस नौकरानी ने सुबह जानकारी दी कि दंपत्ति दरवाजा नहीं खोल रहा है उससे भी पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि घर में साथ रहने वाली नौकरानी खाखा को चौकीदार की सिफारिश पर काम के लिए रखा गया था। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।