अस्पताल की क्रूरता, भांजे का शव ले जाने के लिए बेच दी पत्नी की बाली
गरीब परिवारों के प्रति सरकारी अस्पतालों का बुरा व्यवहार आम हो गया है। अब एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां शख्स के शव को ले जाने के लिए रविवार को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सरकारी व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ने के साथ ही तार-तार होती मानवता भी देखने को मिली।
पोस्टमार्टम हाउस पर एक व्यक्ति को अपने भांजे का शव घर तक ले जाने के लिए बीवी की कानों की बालियां तक बेचनी पड़ीं।
इससे पहले वह जिला अस्पताल में चिकित्सकों से शव वाहन उपलब्ध कराने के लिए गिड़गिड़ाता रहा लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। करीब दो घंटों तक अधिकारियों से फोन पर शव वाहन दिलाने की मांग की। आखिरकार भांजे के शव को ले जाने के लिए मामा नरेंद्र को पत्नी के कान की एक बाली बेचने को मजबूर होना पड़ा। 2500 रुपये मिलने के बाद प्राइवेट एंबुलेंस का इंतजाम हुआ।
हाथ-पैर जोड़े लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा
महिलाओं और पुरुषों ने हाथ पैर जोड़कर किसी प्रकार भांजे का शव घर तक पहुंचाने की फरियाद भी कि मगर किसी का दिल नहीं पसीजा। यह नहीं जिला प्रशासन तक के अधिकारियों ने उसकी गुहार को नजरअंदाज कर दिया।
थाना कुरावली क्षेत्र में शनिवार को पशु लादकर ले जा रहे ट्रक की टक्कर लगने से कन्नौज के थाना छिबरामऊ के गांव विशुनगढ़ निवासी राजू की मौत हो गई थी।
वह कुछ दिनों पहले ही मामा के घर एटा आया था। रविवार को 12 बजे राजू सुमित को बाइक पर बैठाकर गांव नगला खुमानी एटा लौट रहा था। तभी कुरावली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित केसी पेट्रोल पंप के पास ट्रक के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी थी।