क्षयरोग को 'क्षय' होते देखने के लिए कई वर्षों से मैं सार्वजनिक जगहों पर लोगों को जागरूक कर रहा हूं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिस वक्त मैंने उस लड़की की चीखें सुनीं, मैं अस्पताल में राउंड पर था। चिल्लाते हुए वह बच्ची मराठी में कह रही थी-मां मैं जीना चाहती हूं, मैं जीना चाहती हूं। मैं उसके पास गया। मैंने देखा कि दस साल के आसपास दिखने वाली वह बच्ची बिस्तर पर बैठी हुई है और जोर-जोर से उन्हीं शब्दों को दोहरा रही है। आसपास के बिस्तरों पर भर्ती मरीज शिकायत कर रहे थे कि इस लड़की की चीखों ने उन्हें रातभर जगने को मजबूर कर दिया।
पास में उसकी मां हताश चेहरा लिए असहाय होकर बैठी थीं, जैसे उन्हें पता था कि कोई उम्मीद नहीं बची है। जब मैंने उसके बिस्तर पर पड़ी एक्सरे रिपोर्ट उठाई, तो मुझे उस माहौल की असल वजह का पता चला। उस लड़की को टीबी की बीमारी थी और उसके फेफड़े लगभग तबाह हो चुके थे। मैं उस बच्ची के सामने बैठ गया, उसके बालों पर हाथ फेरा, दो-चार शब्द कहे और उठकर चला आया। कुछ ही दिनों में मुझे पता चला कि उस बच्ची की मौत हो गई, जो कि बिल्कुल प्रत्याशित था। टीस बस इस बात की थी कि उसे बचाया न जा सका।
मेरे मां-बाप भी डॉक्टर रहे हैं। मुंबई के प्रसिद्ध नायर अस्पताल से 1989 में एमबीबीएस करने के बाद मैंने एक सरकारी टीबी अस्पताल में अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी थीं। मैं यहां हर दिन सैकड़ों मरीजों को देखता हूं। बच्ची वाली घटना ने मेरे दिलो-दिमाग पर खासा असर डाला। दरअसल जब मैं इस पेशे में आया था, टीबी और इसके इलाज की दुनिया आज से बिल्कुल भिन्न थी।
जो दवाएं उस वक्त किसी टीबी मरीज को राहत देती थीं, आज उनमें से कई निष्प्रभावी हो चुकी हैं। चिकित्सीय जगत में यह प्रकिया चलती रहती है। इन बदलावों को समझने के लिए मैंने लागातार कई तरह के शोधों का अध्ययन किया। मुझे समझ में आ गया कि हमारी बदलती जीवनशैली का बीमारियों से गहरा रिश्ता है। मैंने भी बचपन में गंदे तालाबों में नहाया है, जिन आदतों को आज बेहद गंदी श्रेणी में रखा जाता है, पहले वे सामान्य थीं। लेकिन तब आज की तरह नई-नई बीमारियां नहीं थीं।
टीबी के कारण मरने वाले किसी भी मरीज की मौत आसान नहीं होती। मेरी देखरेख में मरने वाला हर मरीज मुझे अथाह दर्द दे जाता। लगता कि जैसे उसने मेरे गालों पर एक तेज तमाचा लगाया हो! इसी आंतरिक पीड़ा ने मुझे अस्पताल से बाहर सक्रिय होने के लिए मजबूर कर दिया। मरीजों को ठीक करने के साथ मैंने तय कर लिया कि मैं मरीजों की संख्या न बढ़े, इसके लिए भी काम करूंगा। पिछले कई वर्षों से मैं हर सार्वजनिक जगह पर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने का काम कर रहा हूं। स्कूलों, धार्मिक आयोजन या फिर सार्वजनिक यातायात के अलग-अलग माध्यम हों, मेरी उपस्थिति हर जगह होती है। सौभाग्य ही था कि निजी कार की सवारी बचपन से ही मेरे नसीब में रही, लेकिन आज मैं और भी ज्यादा सक्षम होने के बावजूद लोकल रेलगाड़ियों में सफर करता हूं, ताकि सामान्य लोगों से मिलकर उन्हें स्वस्थ रहने के उपाय बता सकूं।
मैं अब तक अनगिनत लोगों से मिल चुका हूं। मेरे पास अपना माइक और स्पीकर होता है। मैं लोगों को अपना परिचय किसी डॉक्टर के रूप में नहीं, बल्कि माइकोबैक्टीरियम के तौर पर देता हूं। मैं उन्हें समझाता हूं कि आप मुझसे और एड्स जैसे मेरे दूसरे भाई-बहनों से लड़कर जीत नहीं सकते। हम बहुत ताकतवर हैं। अच्छा होगा कि आप अपनी आदतें सुधारकर हमसे दूरी बनाए रखें।