महाराष्ट्रः कोरोना संकट के बीच छिड़ा सियासी घमासान
- मुंबई में कोरोना की स्थिति अनुमान से बेहतर - जयंत पाटिल
- केंद्र सरकार से महाराष्ट्र को 28 हजार 104 करोड़ रुपये की मदद मिली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र में कोरोना संकट में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को महाविकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में शामिल तीनों दल (शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी) ने मिलकर विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार हमला बोला।
एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री जयंत पाटिल ने दावा किया कि मुंबई में कोरोना संक्रमण की स्थिति देश के किसी भी शहर की तुलना में बेहतर है।
बुधवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में एमवीए के घटक दलों की बैठक हुई। इसके बाद भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए तीनों दलों के मंत्री एक साथ मीडिया के सामने आए।
जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील ने कहा कि यह समय राज्य सरकार को गिराने का नहीं, बल्कि सरकार को पूरी ताकत के साथ समर्थन देने का है। तीनों दलों में कोई मतभेद नहीं है। मुंबई की स्थिति बेकाबू होने की बात कही जा रही है लेकिन कोरोना संक्रमण के मामले में मुंबई की स्थिति अनुमान से काफी बेहतर है।
सरकार मजबूती से कोरोना का मुकाबला कर रही है। राज्य में गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से ज्यादा व्यवस्था हुई है। आबादी के मामले में मुंबई की तूलना देश के किसी दूसरे शहर से नहीं हो सकती है।
28 हजार करोड़ नहीं केंद्र से मिले सिर्फ 6 हजार 649 करोड़
शिवसेना नेता और परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के लिए कोई अलग से मेहरबानी नहीं की है। विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य को मिलने वाला हिस्सा दिया है।
फडणवीस ने कहा है कि केंद्र सरकार से महाराष्ट्र को 28 हजार 104 करोड़ रुपये की मदद मिली है लेकिन यह सही नहीं है। अब तक केवल 6 हजार 649 करोड़ रुपये ही मिले हैं।
राज्य को केंद्र सरकार से मास्क 30 फीसदी कम मिले हैं। पीपीई किट और वेंटिलेंटर एक भी नहीं मिले हैं।
महाराष्ट्र के युवा फिर शुरू करेंगे उद्योग
जयंत पाटिल ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों के पलायन के बाद अब भूमिपुत्र राज्य में फिर से उद्योग शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि फडणवीस ने प्रवासी मजदूरों के गांव जाने से राज्य की अर्थव्यवस्था पर असर होने की बात कही है। लेकिन मेरा मानना है कि फडणवीस ने महाराष्ट्र के युवाओं को कम करके आंका है। हम इस पर कड़ी आपत्ति जताते हैं।
सरकार को बदनाम कर रही भाजपाः थोरात
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष तथा राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कहा कि कोरोना संकट में विपक्ष से सहयोग की अपेक्षा थी। लेकिन भाजपा ने सरकार को बदनाम करने की मुहिम शुरू की है।
मुंबई की स्थिति चिंताजनक है। लेकिन सरकार कोरोना से निपटने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान का बचाव किया। कहा कि राहुल ने महाराष्ट्र सरकार की तारीफ की है और सरकार के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। उनके बयान की क्लिप के साथ छेड़छाड़ हुई है।