Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Nashik-Trimbakeshwar Simhastha Kumbh Fadnavis Mumbai NMACC Library Ambani Nagpur Pune news

महाराष्ट्र: नागपुर में ज्वेलर्स को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी; बीड में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा

Sun, 01 Nov 2026 11:15 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 01 Nov 2026 11:15 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Nashik-Trimbakeshwar Simhastha Kumbh Fadnavis Mumbai NMACC Library Ambani Nagpur Pune news
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मराठवाड़ा में भीषण सूखे का सामना कर रहे किसानों को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि से जुड़े समुदायों को राहत देने के लिए सरकार और नागरिक समाज साथ आए हैं।
विज्ञापन


छत्रपति संभाजीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फडणवीस ने स्थानीय उद्योगपतियों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में 6.33 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। मुख्यमंत्री इस दौरान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाटक 'प्रौढ़ प्रताप पुरंदर' के मंचन में शामिल हुए।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा पर सूखे का साया है। किसानों को सहयोग और मदद की जरूरत है। ऐसी स्थिति में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाटक का आयोजन किसानों को हर मुश्किल का सामना करने में मदद करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मजबूती से किसानों के साथ खड़ी है। समाज और उद्योग जगत भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। फडणवीस ने बताया कि संगठनों ने गांवों में 1,000 पानी की टंकियां बांटने का फैसला किया है। इसके साथ ही महिलाओं को सिलाई मशीनें भी दी जाएंगी। राज्य सरकार ने 2026 के खरीफ सीजन के दौरान 358 में से 304 तहसीलों में सूखा घोषित किया है। इन तहसीलों में ट्रिगर-1 और ट्रिगर-2 सक्रिय हुए थे।

इस बीच मुख्यमंत्री ने शहर के नगर निकाय की ओर से खरीदी गई 34 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने संभागीय खेल परिसर में नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का उद्घाटन भी किया। इसे 12.75 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इसके अलावा परिसर में बनी दूसरी सुविधाओं का भी उद्घाटन किया। शहर के नगर निकाय के कर्मचारियों ने भी सूखा राहत के लिए योगदान दिया। उन्होंने अपना एक दिन का वेतन, यानी 11.9 लाख रुपये, फडणवीस को सौंपा।
Trending Videos

मुंबई के NMACC में 'द लाइब्रेरी' का उद्घाटन
महाराष्ट्र के बहुचर्चित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में 'द लाइब्रेरी' का उद्घाटन किया गया। प्रीव्यू इवेंट में कई मशहूर कल्चरल आइकॉन के अलावा करीना कपूर खान, सैफ अली खान जैसे बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी शामिल हुए। मुंबई में आयोजित इस समारोह में रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर-चेयरपर्सन, नीता अंबानी समेत अंबानी परिवार के सदस्य शामिल हुए। एनएमएसीसी में शुरू हुई यह सुविधा आज यानी एक नवंबर से आधिकारिक रूप से आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। कंपनी के मुताबिक इसकी ऑफिशियल पब्लिक ओपनिंग एक नवंबर से करने का फैसला लिया गया है।

नागपुर में ज्वेलर्स को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, 10 लाख रुपये मांगे
महाराष्ट्र के नागपुर में सराफा बाजार के कम से कम आठ कारोबारियों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरे पत्र मिले हैं। इन पत्रों में प्रत्येक व्यापारी से 10 लाख रुपये की मांग की गई है। रकम नहीं देने या पुलिस को जानकारी देने पर कारोबारियों और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी गई है। पुलिस के अनुसार, चार से पांच दिन पहले व्यापारियों को ये पत्र मिलने शुरू हुए थे। पत्र भेजने वालों ने कारोबारियों से अपनी दुकानों के बाहर एक खास नारा लिखने को कहा था। इसे रकम देने की सहमति का संकेत बताया गया। इसके बाद पैसे सौंपने के लिए आगे निर्देश देने की बात कही गई थी। डीसीपी (जोन-3) राहुल मदने ने बताया कि पुलिस ने व्यापारियों से बातचीत की है। वे शिकायत देने के लिए तैयार हैं। इस मामले में तहसील पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस को आशंका है कि स्थानीय अपराधी डर फैलाने और वसूली के लिए बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, धमकी देने वालों की पहचान अभी नहीं हुई है।

ठाणे में राष्ट्रगान के दौरान पानी की बोतलें बांटने का आरोप, मनसे नेता ने वीडियो साझा किया
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अविनाश जाधव ने रविवार को सत्तारूढ़ महायुति की रैली में राष्ट्रगान के दौरान पानी की बोतलें बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया। यह रैली ठाणे में 'लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा' के नाम से आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शामिल हुए थे। रैली का आयोजन कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ सवाल उठाकर अराजकता फैलाने का आरोप लगाने के लिए किया गया था। पदयात्रा का समापन अहिल्याबाई होलकर चौक पर राष्ट्रगान के साथ हुआ। अविनाश जाधव ने सवाल उठाया कि जब राष्ट्रगान बज रहा था, तब प्रतिभागियों को पानी की बोतलें क्यों बांटी जा रही थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रैली में आम नागरिकों की भागीदारी कम थी और मुख्य रूप से पार्टी कार्यकर्ता ही मौजूद थे। ये आरोप मनसे नेता ने वीडियो साझा करते हुए लगाए हैं।
 

प्रदीप पुर्णेकर हत्याकांड की जांच सही दिशा में- ठाणे पुलिस आयुक्त
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रदीप पुर्णेकर की हत्या के मामले में जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। ठाणे के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी जरूरी जांच प्रक्रियाओं का पालन कर रही है और मामले के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुर्णेकर के बेटे राम पुर्णेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की जल्द जांच और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी। परिवार ने जांच की गति और दिशा को लेकर चिंता जताई थी। राम पुर्णेकर के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मामले से जुड़े सभी सबूत पेश किए और न्याय की मांग की। यह मुलाकात ठाणे में विधान परिषद सदस्य निरंजन डावखरे के आवास पर हुई थी। गौरतलब है कि शिवसेना (यूबीटी) के मनपाड़ा वार्ड प्रमुख प्रदीप पुर्णेकर की 29 सितंबर को उनके कार्यालय में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बीड में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 11 गिरफ्तार; 29.60 लाख का सामान जब्त
महाराष्ट्र के बीड जिले में पुलिस ने जुए के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को परली वैजनाथ के एक लॉज में की गई। पुलिस ने मौके से 29.60 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अंबाजोगाई उपमंडल के सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश शिंदे को जुए के अड्डे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ताश के पत्ते, नकदी, मोबाइल फोन और आरोपियों के इस्तेमाल में आने वाले वाहन बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत 29.60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे और जुए का संचालन किस तरह किया जा रहा था।

जालना में फ्लाईओवर से नीचे गिरा कंटेनर ट्रक, चालक और क्लीनर की मौत
महाराष्ट्र के जालना शहर में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे में चालक और क्लीनर की मौत हो गई। दुर्घटना शहर के भाग्यनगर इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक बंगलूरू से इंदौर जा रहा था और उसमें गैस गीजर सहित अन्य सामान लदा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक जालना के पास बाईपास का रास्ता चूक गया और फ्लाईओवर के रास्ते शहर में प्रवेश कर गया। इसी दौरान वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया। ट्रक पुल की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए नीचे एक ढाबे के पास जा गिरा। इससे ढाबे का प्रवेश द्वार भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक जितेंद्र यादव (35) और क्लीनर राम पंकज यादव (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

हिंगोली में 61 जमाकर्ताओं से 1.69 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
महाराष्ट्र के हिंगोली में एक क्रेडिट सोसायटी के तीन निदेशकों समेत छह लोगों के खिलाफ 61 जमाकर्ताओं से 1.69 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि निवेश पर आकर्षक ब्याज और बीमा कवर देने का भरोसा देकर लोगों से रकम जमा कराई गई, लेकिन समय पूरा होने के बाद पैसे वापस नहीं किए गए। पुलिस के अनुसार, हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड के निदेशकों और तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता वैभव फटाले और उनके परिजनों ने भी इस संस्था में 14.25 लाख रुपये जमा किए थे। आरोप है कि संस्था ने जमा रकम पर 12 प्रतिशत ब्याज और 3 लाख रुपये तक के निवेश पर बीमा कवर देने का वादा किया था। मई 2020 से मार्च 2024 के बीच कई लोगों ने अपनी बचत यहां जमा की। बाद में संस्था ने भुगतान बंद कर दिया और कार्यालय भी बंद कर दिया। सहकारिता विभाग की जांच में 61 जमाकर्ताओं के कुल 1,69,15,493 रुपये डूबने की बात सामने आई। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed