मुंबईवासियों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए दिया जा रहा है होम्योपैथी का डोज
- 14 मई से शराब की होम डिलिवरी शुरू होगी
- डिलीवरी बॉय के लिए मास्क और हैंड सैनिटाइजर जरूरी
- आर्सेनिक अल्बम इम्युनिटी बढ़ाने का काम करता है
- मुंबई में 70 हजार दवाई के डोज दिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र सरकार ने शराब की दुकानों पर भीड़ रोकने के लिए शर्तों के साथ लोगों के घरों तक शराब पहुचाने (होम डिलिवरी) का निर्णय लिया है। इसके तहत अब लाइसेंसधारी शराब के दुकानदारों को ऑर्डर मिलने पर घर पर शराब पहुचाने की छूट दी गई है।
डिलीवरी बॉय को मास्क पहनना और नियमित अंतराल पर हैंड सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल करना होगा। 14 मई से शराब की होम डिलिवरी शुरू होगी।
राज्य के उत्पादन शुल्क विभाग की प्रधान सचिव वल्सा नायर सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक दुकानदार को सिर्फ उसी इलाके में शराब, बीयर, सौम्य मद्य, वाइन, विदेशी शराब पहुंचाने का अधिकार होगा। जहां का उसके पास लाइसेंस होगा।
कोई भी दुकानदार अपने लाइसेंस के बाहर के इलाके में कारोबार नहीं कर सकेगा। परमिट होल्डर की ओर से दिए गए ऑर्डर के तहत उसके घर के पते पर शराब पहुचाई जाएगी।
गौरतलब है कि बीते 3 मई को लॉकडाउन-2 खत्म होने के दूसरे दिन सरकार ने राजस्व में बढ़ोतरी के उद्देश्य से लॉकडाउन के दौरान शराब की दुकानों को खोलने की छूट दी थी। पर उस समय दुकानों पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करना कठिन हो गया था। जिसे देखते हुए मुंबई सहित कई जगहों पर शराब की दुकानों को फिर से बंद करने का आदेश जारी करना पड़ा था।
इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए होम्योपैथी का डोज
कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बन चुकी मुंबई में लोगों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए होम्योपैथी का डोज दिया जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) प्रशासन की तरफ से आर्सेनिक अल्बम-30 नामक दवा कोरोना संक्रमितों से लेकर आम मुंबईकरों को बांटी जा रही है, ताकि रोग से लड़ने और उससे बचने के लिए इम्युनिटी स्ट्रांग हो सके।
बीएमसी की उपकार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह ने बताया कि आर्सेनिक अल्बम इम्युनिटी बढ़ाने का काम करता है। इसलिए गैरसरकारी संगठन और संस्थाओं की ओर से दिए जाने वाले आर्थिक मदद से यह दवा खरीदकर मुंबईवासियों को दी जा रही है।
बीएमसी के जी-नार्थ और के-पश्चिम वार्ड में दवाई वितरण का आदेश भी दिया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आयुष ने भी बचाव के रूप में होम्योपैथ की इस दवा का डोज देने का निर्देश दिया था।
मुंबई के कई इलाकों में आरजू स्वाभिमान नागरिक समिति के जरिए भी लोगों को मुफ्त में होम्योपैथी का यह डोज दिया जा रहा है। समिति के कार्यकर्ता अस्पतालों, क्वरंटीन सेंटर में भी लोगों को इस दवाई की खुराक निःशुल्क बांट रहे हैं।
होम्योपैथी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. अजीत फुंडे ने बताया कि रास्थान, केरल, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी कोरोना मरीजों को इस दवा की खुराक दी गई है। इसके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। हमारी एसोसिएशन ने भी मुंबई में 70 हजार दवाई के डोज दिए हैं। प्रिवेंटिव मेडिसीन के रूप में इसका बढ़िया असर हो रहा है। इस दवा का कोई साईड इफेक्ट भी नहीं है।