महाराष्ट्र: शिवसेना नेता जितेंद्र आव्हाड को फोन पर धमकी; भाजपा MLA नरेंद्र मेहता की सदस्यता रद्द करने की मांग
महाराष्ट्र के ठाणे जिले से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने रविवार को उन्हें फोन कर कथित तौर पर धमकी दी। इसके बाद विधायक ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। पदाधिकारी के मुताबिक, जब पार्टी के एक कार्यकर्ता ने फोन पर उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की, तो उसने उसे भी धमकी दी। जितेंद्र आव्हाड मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
मीरा-भायंदर हंगामा: BJP विधायक नरेंद्र मेहता की सदस्यता रद्द करने की मांग
महाराष्ट्र में महायुति सरकार के सहयोगी दल शिवसेना और भाजपा के बीच विवाद सामने आया है। राज्य के परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को पत्र लिखकर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता और मीरा-भायंदर के कुछ पार्षदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। सरनाईक के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब दो बजे नरेंद्र मेहता के साथ 40-50 पार्षद और सैकड़ों समर्थक मीरा-भायंदर नगर निगम आयुक्त राधाबिनोद शर्मा के सरकारी आवास पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने आयुक्त पर दबाव बनाने की कोशिश की। इससे पहले नगर निगम की बैठक में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया गया था।
सरनाईक ने क्या मांग की?
उन्होंने विधायक की सदस्यता रद्द करने, संबंधित पार्षदों को अयोग्य घोषित करने और समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए IAS अधिकारियों के संगठन की विशेष समिति बनाने की अपील की।
मुंबई पहुंचे यूएई के विदेश मंत्री अल नाहयान, जयशंकर से ऊर्जा और व्यापार पर चर्चा आज
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान सोमवार शाम दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा और रक्षा समेत प्रमुख क्षेत्रों में भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत करना है। नाहयान मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ व्यापक बातचीत करेंगे। दोनों नेता पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, खासकर सऊदी अरब पर हाल के हमलों पर भी चर्चा कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह उच्चस्तरीय यात्रा भारत और यूएई के बीच करीबी और नियमित संपर्क को दर्शाती है। इससे दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। जायसवाल ने शुक्रवार को बताया था कि बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, वित्तीय तकनीक, रक्षा और संपर्क व्यवस्था से जुड़ी पहलों की समीक्षा की जाएगी। दोनों पक्ष इन क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार करेंगे।
पूर्व छात्रा को अनुचित संदेश भेजने पर छुट्टी पर भेजे गए प्रोफेसर
महाराष्ट्र क़ी सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी ने नागपुर कैंपस के एक प्रोफेसर को अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया है। उन पर एक पूर्व छात्रा को अनुचित संदेश भेजने और उसे इस्लामिक धार्मिक प्रथाओं का पालन करने को कहने का आरोप है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और विश्व हिंदू परिषद ने विरोध-प्रदर्शन किया। इनके सदस्यों ने प्रोफेसर को हटाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।इसके बाद सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) ने रविवार को आरोपों की जांच के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठित करने का एलान किया। समिति की जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, प्रोफेसर ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने तीन बार कहे जाने के बावजूद पुलिस में औपचारिक शिकायत नहीं की।